प्रधानमंत्री मोदी ने टैगोर को श्रद्धांजलि दी, उन्हें ‘भारत की सभ्यतागत आत्मा की शाश्वत आवाज’ बताया

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने टैगोर को श्रद्धांजलि दी, उन्हें 'भारत की सभ्यतागत आत्मा की शाश्वत आवाज' बताया

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 10:01 AM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 10:01 AM IST

नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नोबेल पुरस्कार विजेता रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती पर शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने एक असाधारण दार्शनिक, शिक्षाविद्, कलाकार तथा ‘‘भारत की सभ्यतागत आत्मा की शाश्वत आवाज’’ के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।

टैगोर की जयंती ‘पोचिशे बोइशाख’ यानी बांग्ला महीने बोइशाख के 25वें दिन मनाई जाती है। इसे रवीन्द्र जयंती के रूप में जाना जाता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज पोचिशे बोइशाख के विशेष अवसर पर हम गुरुदेव टैगोर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।’’

उन्होंने कहा कि गुरुदेव टैगोर असाधारण प्रतिभा के लेखक, विचारक और कवि थे।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने एक असाधारण दार्शनिक, शिक्षाविद्, कलाकार और भारत की सभ्यतागत आत्मा की शाश्वत आवाज के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने मानवता की गहरी भावनाओं एवं हमारी संस्कृति के सर्वोच्च आदर्शों को अभिव्यक्ति दी।’’

मोदी ने कहा कि टैगोर ने नए विचारों, रचनात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक विश्वास से समाज को समृद्ध किया।

उन्होंने कहा, ‘‘हम उन्हें गहरी श्रद्धा और कृतज्ञता के साथ याद करते हैं। उनके विचार लोगों के मन को आलोकित करते रहें और हमारे प्रयासों में हमारा मार्गदर्शन करते रहें।’’

टैगोर का जन्म बांग्ला पंचांग के अनुसार 25 बोइशाख 1268 को हुआ था। ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार यह तारीख सात मई 1861 थी।

पश्चिम बंगाल में शनिवार को शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार शपथ लेने जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी के भी इसमें शामिल होने की संभावना है।

भाषा

सिम्मी सुरेश

सुरेश