राजस्थान विधानसभा को प्रचार मंच बना रही है भाजपा सरकार: कांग्रेस नेता खान
राजस्थान विधानसभा को प्रचार मंच बना रही है भाजपा सरकार: कांग्रेस नेता खान
जयपुर, 22 फरवरी (भाषा) राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान ने रविवार को भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह सदन को प्रचार मंच के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अपने दो साल की उपलब्धियों पर प्रस्ताव लाकर सदन की परंपराओं को तोड़ा है।
सरकार द्वारा लाए गए प्रस्ताव की वजह से शनिवार को सदन में हंगामा हुआ और कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी।
हंगामा तब शुरू हुआ जब संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने ‘सरकार@2 वर्ष प्रगति एवं उत्कर्ष – 2024-25-2026’ शीर्षक से रिपोर्ट सदन में पेश की। विपक्ष ने इस पर कड़ा विरोध जताया और सदन को तीन बार स्थगित करना पड़ा।
आदर्श नगर से विधायक और सदन में कांग्रेस के मुख्य सचेतक खान ने इस कदम को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ और संसदीय परंपराओं के खिलाफ बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने जिस तरह से अपने दो साल की उपलब्धियों पर प्रस्ताव सदन में लाया, वह दुर्भाग्यपूर्ण है और संसदीय परंपराओं के विपरीत है।’’
खान ने कहा कि राजस्थान विधानसभा के इतिहास में इस तरह के विषय के लिए सदन का कभी उपयोग नहीं हुआ। सरकार का अड़ियल रवैया अत्यंत खेदजनक रहा।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि नियमों के अनुसार सदन में बोर्ड, निगम और सार्वजनिक उपक्रमों की रिपोर्ट पर चर्चा होती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में संसदीय कार्य मंत्री ने वर्तमान सरकार के दो साल की तुलना पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल से करने पर सहमति मांगी थी, लेकिन सदन में लाया गया प्रस्ताव पूरी तरह अलग था।
खान ने कहा कि यदि सरकार का इरादा तुलना करने का था तो प्रस्ताव उसी अनुसार होना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को पहले से ही राज्यपाल के अभिभाषण, बजट भाषण और अनुदान की मांगों पर चर्चा के दौरान अपनी उपलब्धियां बताने के लिए पर्याप्त अवसर मिलता है, इसलिए यह कदम सदन का दुरुपयोग है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा जनता के मुद्दों पर चर्चा के लिए है, न कि आत्मप्रशंसा के मंच के रूप में।
खान ने कहा, ‘‘हम संसदीय मर्यादा को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का विरोध करेंगे।’’
खान ने कहा कि सरकार की दो साल की उपलब्धियों को उजागर करने वाला प्रस्ताव स्थापित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुरूप नहीं था।
भाषा बाकोलिया धीरज
धीरज

Facebook


