हिमंत पर राहुल की टिप्पणी को लेकर भाजपा का पलटवार, प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाया

Ads

हिमंत पर राहुल की टिप्पणी को लेकर भाजपा का पलटवार, प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 07:32 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 07:32 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर सोमवार को पलटवार किया और उन पर ‘‘प्रतिशोध की राजनीति’’ करने तथा ‘‘फर्जी दस्तावेजों’’ के जरिये ‘‘राजनीतिक हत्या’’ का प्रयास करने का आरोप लगाया।

भाजपा की यह प्रतिक्रिया राहुल गांधी द्वारा शर्मा को ‘‘सबसे भ्रष्ट’’ बताते हुए उन पर सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाये जाने के बाद आई है।

कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा का समर्थन करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी ‘‘डरने वाली नहीं है।’’

खेड़ा ने 5 अप्रैल को संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया था कि शर्मा की पत्नी, रिंकी भुइयां शर्मा के पास कई पासपोर्ट और विदेशी संपत्तियां हैं, जिनका खुलासा 9 अप्रैल को हुए असम विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री के चुनावी हलफनामे में नहीं किया गया।

भाजपा के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि खेड़ा द्वारा उद्धृत दस्तावेज ‘‘मनगढ़ंत’’ हैं और राहुल द्वारा ‘‘प्रायोजित’’ हैं तथा उन पर प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाया।

पूनावाला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किये गए एक वीडियो में कहा, ‘‘तो यह बिल्कुल स्पष्ट है कि खेड़ा को जो दस्तावेज मुहैया कराए गए थे, वे इस्लामाबाद से नहीं आए थे। शर्मा जी और उनकी पत्नी — असम की बेटी — की तस्वीर असल में राहुल गांधी द्वारा मुहैया की गई थी।’’

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘प्रतिशोध उस वक्त होता है, जब फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके शर्मा की राजनीतिक हत्या का प्रयास किया जाता है। वीजा को पासपोर्ट के रूप में दिखाया गया, वो भी फोटोशॉप कर और जाली, जो किसी और के नाम पर थे तथा एक फर्जी कंपनी का उल्लेख किया गया। असम की जनता से माफी मांगने के बजाय, राहुल गांधी खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। यह पीड़ित होने का नाटक काम नहीं आएगा।’’

उन्होंने राहुल पर असम के खिलाफ ‘‘प्रतिशोध की मानसिकता’’ रखने का आरोप भी लगाया और कहा कि ऐसी राजनीति उनके पिछले कार्यों और बयानों में झलकती है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रतिशोध उस वक्त होता है, जब आप भारत जोड़ो यात्रा के नक्शे से असम को हटा देते हैं, जब आपके परिवार ने भारत-चीन युद्ध में असम को छोड़ने की इच्छा जताई थी, जब आप असम को पिछड़ा रखते हैं और असमिया लोगों के बजाय घुसपैठियों के बारे में सोचते हैं।’’

पूनावाला ने राहुल से कांग्रेस नेता गौरव गोगोई से जुड़े आरोपों पर ‘‘पाक-साफ’’ होने की भी मांग की।

उन्होंने कहा, ‘‘गौरव गोगोई के पाकिस्तानी संबंधों और उनके परिवार के आईएसआई से कथित संबंधों पर अब रिपोर्ट कार्ड का समय आ गया है। राहुल गांधी, इस पर पाक-साफ हों।’’

इससे पहले दिन में, राहुल ने कहा कि खेड़ा को दी गई ट्रांजिट अग्रिम जमानत को असम सरकार द्वारा उच्चतम न्यायालय में चुनौती दिये जाने के बाद कांग्रेस खेड़ा के साथ खड़ी है।

तेलंगाना उच्च न्यायालय ने 10 अप्रैल को खेड़ा को एक सप्ताह की ट्रांजिट अग्रिम जमानत प्रदान की थी।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘असम के वर्तमान मुख्यमंत्री देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। वह कानून की जद से नहीं बचेंगे। अपने राजनीतिक विरोधियों और आलोचकों को परेशान करने के लिए राज्य की सत्ता का दुरुपयोग करना संविधान के खिलाफ है।’’

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप