(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 13 अप्रैल (भाषा) ब्रिटेन और पाकिस्तान ने हाल ही में आयोजित अमेरिका-ईरान की सीधी वार्ता के साथ-साथ व्यापक क्षेत्रीय घटनाक्रम पर सोमवार को विचारों का आदान-प्रदान किया।
ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर ने पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इसहाक डार के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया में शांति को बढ़ावा देने में पाकिस्तान की भूमिका की सराहना की। डार विदेश मंत्री भी हैं।
विदेश कार्यालय के एक बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने इस्लामाबाद वार्ता में हाल ही में हुई अमेरिका-ईरान की सीधी बातचीत के साथ-साथ व्यापक क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया।
बयान में कहा गया है कि कूपर ने ‘‘क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में पाकिस्तान की रचनात्मक भूमिका की सराहना की।’’
डार ने सभी पक्षों से युद्धविराम का सम्मान करने और उसे पूरी तरह से लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने क्षेत्रीय चुनौतियों का समाधान करने और स्थायी शांति को बढ़ावा देने के एकमात्र कारगर साधन के रूप में संवाद और कूटनीति को आगे बढ़ाने के प्रति पाकिस्तान की निरंतर प्रतिबद्धता की भी पुष्टि की।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश