नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) भाजपा ने पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ ईडी की छापेमारी के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तुलना मुगल बादशाह औरंगजेब से करने के लिए शनिवार को अरविंद केजरीवाल पर पलटवार किया और कहा कि “आप प्रमुख और उनकी पार्टी घबराई हुई हैं क्योंकि उन्हें पता है कि पंजाब में उनके गिने-चुने दिन बाकी रह गए है।”
अरोड़ा के खिलाफ कार्रवाई की निंदा को लेकर सोशल मीडिया पर केजरीवाल की पोस्ट और फिर संवाददाता सम्मेलन के बाद भाजपा ने यह प्रतिक्रिया दी है।
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री की तुलना औरंगजेब से की और लिखा कि मुगल बादशाह की तरह, “मोदीजी ने देश के विभिन्न हिस्सों पर बेईमानी से कब्जा कर लिया है और अब पंजाब तक पहुंच गए हैं।”
केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में, अरोड़ा के खिलाफ ईडी की कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि ‘आप’ नेताओं को डराने और उन्हें भाजपा में शामिल करने के लिए केंद्र सरकार की एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
भाजपा के प्रवक्ता आर. पी. सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि ‘आप’ नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप बेबुनियाद नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि मोदी नहीं बल्कि केजरीवाल पंजाब में “औरंगजेब जैसी” कार्रवाई कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “जब पंजाब पुलिस हत्याओं, मादक पदार्थ माफिया या रेत माफिया के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही, तो उसे राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।”
भाषा जोहेब माधव
माधव