लखनऊ, नौ मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से लखनऊ स्थित ‘जन भवन’ में शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के बाद राज्य में मंत्रिपरिषद विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं।
‘जन भवन’ की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें श्री लालचंद राम द्वारा लिखित पुस्तक “भारतीय ज्ञान परंपरा अवधारणा” भेंट की।
राज्यपाल से मुख्यमंत्री की इस मुलाकात के राजनीतिक निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। राज्य में लंबे समय से मंत्रिपरिषद विस्तार की चर्चाएं चल रही हैं और माना जा रहा है कि इस पर जल्द निर्णय हो सकता है।
पश्चिम बंगाल और असम समेत कई राज्यों में हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच राजनीतिक विश्लेषकों का अनुमान है कि उत्तर प्रदेश सरकार में भी जल्द विस्तार संभव है।
उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं, जबकि वर्तमान में कुछ मंत्री पद रिक्त बताए जा रहे हैं। अगले वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंत्रिपरिषद विस्तार को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कुछ राजनीतिक जानकारों का दावा है कि यह विस्तार रविवार या सोमवार तक हो सकता है, हालांकि अभी तक सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
भाषा
आनन्द रवि कांत