पटना, नौ मई (भाषा) सुल्तानगंज नगर परिषद के सभापति राजकुमार ने शनिवार को पटना के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। कुछ दिन पहले उनके कार्यालय में उन्हें गोली मारी गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि 28 अप्रैल को तीन हथियारबंद लोग कथित तौर पर भागलपुर जिले में उनके कार्यालय में घुस गए और गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में राजकुमार और कार्यपालक अधिकारी कृष्ण भूषण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
कुमार की स्थानीय अस्पताल में मृत्यु हो गई, जबकि राजकुमार को बेहतर इलाज के लिए पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद से राजकुमार की हालत गंभीर बनी हुई थी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजकुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में चौधरी ने राजकुमार को ‘‘सरल और मिलनसार व्यक्ति’’ बताया, जो क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय थे और हमेशा जनता के लिए सुलभ थे।
बयान में कहा गया है, ‘‘उनके असामयिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को मामले में मुकदमे की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये थे, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
हमले का मुख्य षड्यंत्रकारी रामधनी यादव 29 अप्रैल को पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया था।
जांच अधिकारियों का आरोप है कि यह हमला व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण हुआ। रामधनी यादव नगर निकाय की उपसभापति नीलम देवी के पति थे।
भाषा सुरभि दिलीप
दिलीप