संगरूर (पंजाब), नौ मई (भाषा) पंजाब के तेजिंदरपाल सिंह तूर ने शनिवार को यहां भारतीय एथलेटिक्स सीरीज के पांचवें चरण में पुरुषों का गोला फेंक स्पर्धा का खिताब जीता।
मौजूदा एशियाई खेलों के चैंपियन तूर इस सत्र के बाद होने वाली बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए अपनी तैयारी जारी रखे हुए हैं। 31 वर्षीय तूर ने पुरुषों की गोला फेंक स्पर्धा में अपना दबदबा बनाए रखा और 19.97 मीटर दूर गोला फेंककर शीर्ष स्थान हासिल किया।
तूर का इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 21.03 मीटर रहा है जो उन्होंने अप्रैल में भारतीय एथलेटिक्स सीरीज के दिल्ली चरण में दर्ज किया था।
दो बार की ओलंपियन और महिलाओं की भाला फेंक में एशियाई खेलों की चैंपियन अनु रानी के लिए भी एक दिवसीय भारतीय एथलेटिक्स सीरीज का संगरूर चरण आगे आने वाले चुनौतीपूर्ण सत्र के लिए अपनी तैयारी को परखने का एक अच्छा मौका था।
लेकिन 33 वर्षीय अनुभवी एथलीट 55.78 मीटर के निराशाजनक थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
हरियाणा की शिल्पा रानी ने 57.65 मीटर के साथ खिताब जीता जबकि आंध्र प्रदेश की रश्मि के 56.15 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
हरजीत सिंह और त्रिपुरा की फातिमा बेगम ने 100 मीटर दौड़ स्पर्धा में क्रमशः 10.32 सेकंड और 11.98 सेकंड के समय से पहला स्थान हासिल किया।
फातिमा ने महिलाओं की 200 मीटर दौड़ भी जीती।
हरियाणा की किरण पहल महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में (54.07 सेकंड के समय के साथ) आसानी से विजेता रहीं।
भाषा
नमिता आनन्द
आनन्द