भाजपा, हुमायूं कबीर की पार्टी धर्म के नाम पर वोट मांग कर समाज में दरार पैदा कर रही : अभिषेक

Ads

भाजपा, हुमायूं कबीर की पार्टी धर्म के नाम पर वोट मांग कर समाज में दरार पैदा कर रही : अभिषेक

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 06:17 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 06:17 PM IST

कोलकाता, 29 मार्च (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने रविवार को भाजपा और हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) पर आजीविका और भोजन जैसे बुनियादी मुद्दों को नजरअंदाज कर धर्म के नाम पर वोट मांगने का आरोप लगाया।

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के नाओदा विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के समर्थन में एक रैली को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जहां ‘‘मंदिर की राजनीति’’ कर रही है, वहीं कबीर ‘‘मस्जिद की राजनीति’’ में शामिल हैं तथा विकास और रोजगार जैसे मुद्दों की उपेक्षा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुर्शिदाबाद में जहां भाजपा रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान दंगे भड़काने की साजिश रच रही है, वहीं कबीर बाबरी मस्जिद की शैली की एक मस्जिद की नींव रखने के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।’’

बनर्जी ने संकल्प जताया कि वह और अन्य लोग व्यक्तिगत तौर पर अपने धर्म का पालन करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग मंदिर या मस्जिद के नाम पर वोट मांगते हैं, वे राजनीतिक, नैतिक और वैचारिक रूप से दिवालिया होते हैं।’’

बनर्जी ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस से निलंबित कबीर का भाजपा नेतृत्व के साथ एक गुप्त समझौता है और उन्हें मुस्लिम समुदाय की कोई चिंता नहीं है।

रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान 27 मार्च को रघुनाथगंज और जंगीपुर में हुई झड़पों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘शांतिप्रिय लोगों के लिए राम संयम और त्याग के प्रतीक हैं। लेकिन भाजपा की रामनवमी में लोग शोभायात्राओं में तलवारें लहराते और खुलेआम शराब पीते नजर आए, जो सच्चे धर्म की भावना के खिलाफ है।’’

उन्होंने पूछा, ‘‘बाद में इन्हीं लोगों ने दुकानों में तोड़फोड़ की और लूटपाट की। वे खुद को भगवान राम का सच्चा भक्त कैसे कह सकते हैं?’’

भाषा सुरभि दिलीप

दिलीप