भाजपा नेता ने अभिषेक बनर्जी पर मिट्टी की अवैध खुदाई में संलिप्त होने का आरोप लगाया
भाजपा नेता ने अभिषेक बनर्जी पर मिट्टी की अवैध खुदाई में संलिप्त होने का आरोप लगाया
कोलकाता, 16 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर मिट्टी की अवैध खुदाई में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
डायमंड हार्बर निवासी अभिजीत दास ने सोमवार को बज बज के पास कालीतला आशुति पुलिस थाने में इस सिलसिले में अपनी शिकायत दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘अभिजीत दास से एक शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उपयुक्त कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।’’
दास ने दावा किया कि उन्होंने पुलिस को इस बात की पूरी जानकारी दी है कि अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई करने वाला यह गिरोह किस तरह काम करता था और इसमें शामिल ‘‘आपराधिक नेटवर्क’’ की क्या भूमिका थी।
दास ने बताया कि डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ पिछले कुछ दिन में उनके द्वारा दर्ज कराई गई यह दूसरी शिकायत है।
भाजपा नेता ने बताया कि पिछले सप्ताह उन्होंने कोलकाता के दक्षिणी उपनगर के विष्णुपुर थाने में भी एक शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें उन्होंने बनर्जी पर चक्रवात ‘अम्फान’ के पीड़ितों के लिए केंद्रीय राहत कोष से आए 250 करोड़ रुपये की हेराफेरी करने का आरोप लगाया है।
दास ने कहा कि वह तृणमूल सांसद से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर भविष्य में भी पुलिस में शिकायतें दर्ज कराएंगे।
इन आरोपों पर फिलहाल अभिषेक बनर्जी या उनकी पार्टी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भाषा
खारी सुभाष
सुभाष

Facebook


