भाजपा विधायक बी. बसवराज को हत्या मामले में सात दिन के लिए सीआईडी की हिरासत में भेजा गया

भाजपा विधायक बी. बसवराज को हत्या मामले में सात दिन के लिए सीआईडी की हिरासत में भेजा गया

भाजपा विधायक बी. बसवराज को हत्या मामले में सात दिन के लिए सीआईडी की हिरासत में भेजा गया
Modified Date: February 15, 2026 / 07:28 pm IST
Published Date: February 15, 2026 7:28 pm IST

बेंगलुरु, 15 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक बी. ए. बसवराज को हत्या के मामले में रविवार को सात दिन के लिए सीआईडी की ​हिरासत में भेज दिया गया।

के आर पुरम के विधायक बसवराज को यहां मजिस्ट्रेट के आवास पर लगी अदालत पेश किया गया, जहां से उन्हें विस्तृत जांच के लिए सात दिन की सीआईडी ​​हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि सरकारी श्री जयदेव हृदय रोग विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान के चिकित्सकों द्वारा बसवराज की चिकित्सकीय स्थिति स्थिर बताए जाने के बाद उन्हें सीआईडी हिरासत में भेजा गया है।

पूर्व मंत्री बसवराज पर पिछले साल 15 जुलाई को रियल एस्टेट कारोबारी और कुख्यात अपराधी शिवप्रकाश उर्फ ​​बिकला शिवा की हत्या का आरोप है।

बसवराज ने अग्रिम जमानत से इनकार के उच्च न्यायालय के आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी थी, हालांकि उच्चतम न्यायालय से भी याचिका खारिज होने के बाद उन्हें बृहस्पतिवार को अहमदाबाद से बेंगलुरु हवाई अड्डे पर आते ही सीआईडी ​​अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद अनिवार्य चिकित्सा परीक्षण के दौरान, विधायक ने अपनी हृदय स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त की, जिसके बाद चिकित्सकों ने हृदय रोग के उपचार में विशेषज्ञता वाले अस्पताल से राय मांगी।

बेंगलुरु की एक अदालत ने चिकित्सा राय के आधार पर शुक्रवार को बसवराज को मूल्यांकन के लिए श्री जयदेव हृदय रोग विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान में भर्ती कराने का निर्देश दिया।

इस बीच, भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र और पार्टी के कुछ अन्य नेता बसवराज के आवास पहुंचे और उनके परिवार के सदस्यों व समर्थकों से मिलकर एकजुटता व्यक्त की।

भाषा जोहेब धीरज

धीरज


लेखक के बारे में