बल्लारी में भाजपा को रैली की अनुमति नहीं मिली, विजयेंद्र ने कांग्रेस सरकार के दबाव का आरोप लगाया
बल्लारी में भाजपा को रैली की अनुमति नहीं मिली, विजयेंद्र ने कांग्रेस सरकार के दबाव का आरोप लगाया
बल्लारी (कर्नाटक), आठ सितंबर (भाषा) कर्नाटक में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 10 दिवसीय पदयात्रा के समापन पर बल्लारी में सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज मैदान में 10 सितंबर को प्रस्तावित जनसभा के आयोजन को अनुमति देने से प्राधिकारियों ने इनकार कर दिया है।
प्रदेश भाजपा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि जिले के अधिकारी कांग्रेस सरकार के दबाव में अनुमति देने से इनकार कर रहे हैं।
प्राधिकारियों ने 2015 के एक सरकारी आदेश का हवाला देते हुए कहा कि सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज के मैदान और इमारतें निजी संगठनों या संघों को सार्वजनिक या निजी कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों, बिक्री स्टॉल, मनोरंजन कार्यक्रमों और ऐसे अन्य आयोजनों के लिए उपलब्ध नहीं कराई जा सकतीं।
भाजपा की ‘बल्लारी चलो’ पदयात्रा एक सितंबर को रायचूर जिले के लिंगसुगुर से शुरू हुई थी और इसका समापन 10 सितंबर को बल्लारी में होना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र के नेतृत्व में निकाली जा रही इस पदयात्रा में पार्टी के कई नेता, विधायक, विधान परिषद सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं।
बल्लारी और विजयनगर जिलों के स्कूल शिक्षा विभाग (प्री-यूनिवर्सिटी) के उप निदेशक ने सात सितंबर को बल्लारी जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल कुमार मोक को भेजे पत्र में 2015 के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज के मैदान और इमारतों को ऐसे आयोजनों के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
पत्र में कहा गया कि आदेश का पालन नहीं होने की स्थिति में संबंधित कॉलेज के प्रधानाचार्य को जिम्मेदार ठहराया जाएगा और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
पत्र में कहा गया, ‘‘उपरोक्त के मद्देनजर, 10 सितंबर को बल्लारी के सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज मैदान में प्रस्तावित बड़ी जनसभा आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। इसलिए आपके अनुरोध पर विचार नहीं किया जा सकता।’’
भाजपा ने 10 सितंबर को अपराह्न तीन बजे से रात आठ बजे तक मैदान में जनसभा आयोजित करने की अनुमति मांगी थी और प्राधिकारियों को बताया था कि इसमें 50,000 से अधिक लोगों एवं गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि बल्लारी के उपायुक्त राज्य की कांग्रेस सरकार के दबाव में हैं।
विजयेंद्र ने मंगलवार को संदूर के पास संवाददाताओं से कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि अधिकारी बल्लारी में पदयात्रा के समापन कार्यक्रम के लिए अनुमति देने में देरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं संबंधित प्राधिकारियों से बात करूंगा। राज्य और देशभर के लोग इस पदयात्रा को देख रहे हैं, जो शांतिपूर्ण तरीके से निकाली जा रही है।’’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उपायुक्त को सरकार के दबाव में आए बिना अनुमति देनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हम लोकतांत्रिक व्यवस्था में हैं और हर किसी को विरोध करने का अधिकार है। यह लोगों से जुड़ा आंदोलन है।’’
उन्होंने संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कहा, ‘‘वे अनुमति क्यों नहीं देंगे? मैं भी देखता हूं। उन्हें अनुमति देनी ही होगी।’’
भाषा अमित वैभव
वैभव

Facebook


