भाजपा ने आरएसएस, रॉ पर प्रतिबंध की मांग ठुकराई, कहा : कांग्रेस की राष्ट्र-विरोधी ताकतों से मिलीभगत
भाजपा ने आरएसएस, रॉ पर प्रतिबंध की मांग ठुकराई, कहा : कांग्रेस की राष्ट्र-विरोधी ताकतों से मिलीभगत
नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (यूएससीआईआरएफ) की उस रिपोर्ट को ‘निराधार’ बताया, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और ‘रिसर्च एनालिसिस विंग’ (रॉ) पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की गई थी।
भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस रिपोर्ट का समर्थन करके भारत के खिलाफ रुख अपनाया है।
सत्तारूढ़ दल ने कहा कि केंद्र ने इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया है और बताया कि इसमें ‘वस्तुनिष्ठ तथ्य’ नहीं हैं तथा यह विश्वसनीय स्रोतों पर आधारित नहीं है।
भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा, ‘‘इसमें यह भी कहा गया है कि रिपोर्ट में कोई वस्तुनिष्ठ तथ्य नहीं हैं। वास्तव में, सरकार ने अमेरिकी आयोग की इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया है।’’
उन्होंने यह भी कहा, ‘‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करते-करते कांग्रेस पार्टी आज खुद भारत के खिलाफ खड़ी नजर आ रही है।’’
पात्रा ने कहा कि कोई भी विदेशी आयोग भारत को आदेश नहीं दे सकता या उसके संस्थानों पर प्रतिबंध लगाने का सुझाव नहीं दे सकता।
उन्होंने कहा, ‘‘कोई आयोग भारत से नहीं कह सकता कि रॉ पर प्रतिबंध लगाए। सरकार ने इसका कड़ा जवाब दिया है, लेकिन कांग्रेस रॉ के खिलाफ बोल रही है और इस आयोग के साथ खड़ी है।’’
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर यूएससीआईआरएफ की रिपोर्ट का समर्थन किया है। उन्होंने कांग्रेस को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर भारत को बदनाम करने के प्रयास का दोषी ठहराया।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक हैंडल से आयोग की रिपोर्ट का समर्थन किया गया है। उन्होंने (कांग्रेस ने) कहा है कि अमेरिका और इस एजेंसी ने जो (कुछ) कहा है, वह सही है। पार्टी राहुल गांधी के आदेश पर भारत को बदनाम करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।’’
पात्रा ने आयोग की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाया तथा इसके उपाध्यक्ष और कमिश्नर को ‘‘डॉ. आसिफ महमूद नामक पाकिस्तानी-अमेरिकी’’ कहते हुए आरोप लगाया कि इसके (आयोग के) निष्कर्ष उस व्यक्ति (महमूद) के ‘भारत-विरोधी’ दृष्टिकोण से प्रभावित हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘इस आयोग का नेतृत्व कौन करता है? इसका उपाध्यक्ष कौन है? डॉ. आसिफ महमूद नामक एक पाकिस्तानी-अमेरिकी हैं, जो उपाध्यक्ष और कमिश्नर के रूप में कार्यरत हैं। वह सभी बैठकों में हिस्सा लेते हैं, विचार-विमर्श करते हैं और उनकी जानकारी के आधार पर ऐसी रिपोर्ट तैयार की जाती हैं, जो स्पष्ट रूप से भारत के खिलाफ होती हैं।’’
पात्रा ने गांधी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह ऐसे ही व्यक्तियों से मिलते हैं और भारत की छवि धूमिल करने में कोई कसर नहीं छोड़ते।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘जब भी राहुल गांधी विदेश यात्रा करते हैं, वह ऐसे व्यक्तियों से मिलते हैं और भारत की छवि खराब करने और उसकी प्रतिष्ठा को चोट पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। लंदन में उन्होंने कहा था कि भारत की स्थिति ऐसी है कि सिख पगड़ी और कड़ा नहीं पहन सकते और गुरुद्वारों में नहीं जा सकते।’’
पात्रा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘उन्होंने (गांधी ने) यह भी कहा कि भारत में सत्ता में बैठी पार्टी ‘मुस्लिम ब्रदरहुड’ जैसी है। उन्होंने (नेता प्रतिपक्ष ने) यह तक दावा किया कि आदिवासी और दलित अपने साथ होने वाले अन्याय के कारण आईएसआईएस जैसी कोई संस्था बना सकते हैं।’’
भाषा सुरेश दिलीप
दिलीप

Facebook


