भाजपा ‘छात्रों की गूंज’ से डरी हुई है: अशोक गहलोत
भाजपा 'छात्रों की गूंज' से डरी हुई है: अशोक गहलोत
जयपुर, 16 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने बृहस्पतिवार को कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से डरी हुई है और उसने कोटा के बाद देहरादून में भी इस कार्यक्रम में विघ्न डालने की कोशिश की।
गहलोत ने एक बयान में कहा,‘‘लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में उठ रही छात्रों की गूंज से भाजपा सरकार डरी हुई है। जिस प्रकार से पहले कोटा में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर रुकावटें खड़ी की गईं, शिक्षण संस्थानों पर दबाव बनाया गया, अब उत्तराखंड में भी उसी प्रकार विघ्न डालने की कोशिश भाजपा द्वारा की गई।’’
उन्होंने कहा कि कोटा का कार्यक्रम बेहद सफल रहा था और इसी वजह से भाजपा बौखलाई हुई है।
देहरादून में 17 जून को प्रस्तावित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि देहरादून में भी राहुल गांधी से मिलने,उनको सुनने के लिए युवा और विद्यार्थी उत्साहित हैं तथा स्थान बदलने के बावजूद बड़ी संख्या में पंजीकरण करवा रहे हैं।
उन्होंने कहा,‘‘भाजपा सरकार की हरकतों को पूरा देश देख रहा है, छात्रों में बहुत आक्रोश है लेकिन फिर भी सरकार आमजन के मनोभाव को नहीं समझ रही है।’’
गहलोत ने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर उत्पन्न हुई चिंताओं से सरकार का ध्यान आकृष्ट कर रहा है, भाजपा सरकार द्वारा युवाओं को इस प्रकार से उकसाया जाना बिल्कुल ही अनावश्यक था।
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत के अनुसार,‘‘देहरादून से उठने वाली यह गूंज दिल्ली में बैठे हुक्मरानों के कानों में गूंजेगी।’’
भाषा पृथ्वी मनीषा धीरज
धीरज

Facebook


