झारखंड: मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने रथ यात्रा की शुभकामनाएं दीं, रांची में सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी
झारखंड: मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने रथ यात्रा की शुभकामनाएं दीं, रांची में सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी
रांची, 16 जुलाई (भाषा) झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को रथ यात्रा के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल गंगवार ने कहा कि वह भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र व देवी सुभद्रा से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सोरेन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं और राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं व नमन।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की कृपा से आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छा स्वास्थ्य आए। यह पवित्र रथ यात्रा हम सभी को सेवा, सद्भाव, आस्था और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहे, यही मेरी हार्दिक कामना है।’’
अधिकारियों ने बताया कि रथ यात्रा और उससे जुड़े आयोजनों के मद्देनजर राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, रांची के धुर्वा में निकाली जाने वाली रथ यात्रा और मेले को लेकर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि करीब 4,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी।
शहर के पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने बताया, ‘‘रथ यात्रा मार्ग से अतिक्रमण हटा दिए गए हैं और रथों के सुचारू आवागमन के लिए सड़क के दोनों ओर अवरोधक लगाए गए हैं।’’
उन्होंने बताया कि रथ खींचने में श्रद्धालुओं के साथ 160 पुलिसकर्मी भी शामिल रहेंगे, जबकि भीड़ प्रबंधन के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है।
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा

Facebook


