नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस के नेतृत्व वाली केरल सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने नीट पेपर लीक संबंधी विरोध प्रदर्शन में शामिल लगभग 5,000 युवाओं के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं।
यह आरोप तब लगाया गया जब केरल में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन ने मंगलवार को मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन को पत्र लिखकर राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह कथित नीट पेपर लीक को लेकर केरल में प्रदर्शन में शामिल युवाओं के खिलाफ दर्ज सभी मामले बिना शर्त वापस ले।
विजयन ने अपने पत्र में कहा कि केरल में छात्रों, युवाओं, सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने कथित पेपर लीक को लेकर केंद्र के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए।
उन्होंने दावा किया कि राज्य भर में हुए विरोध प्रदर्शनों के सिलसिले में केरल पुलिस ने लगभग 5,000 लोगों के खिलाफ़ मामले दर्ज किए हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने एक वीडियो बयान में कहा कि कांग्रेस ‘‘दोहरे मापदंड’’ अपनाती है और उसके पास अपने एवं दूसरों के लिए अलग-अलग सिद्धांत हैं।
पूनावाला ने कहा कि महाराष्ट्र, बिहार और असम समेत कई राज्यों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामले वापस ले लिए हैं, लेकिन केरल की कांग्रेस सरकार ने लगभग 5,000 लोगों पर मामले दर्ज किए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इनका दोहरा मापदंड देखिए। ये वही लोग हैं जिन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग की थी, लेकिन अब वे कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना के शिक्षा मंत्रियों के इस्तीफ़े की मांग नहीं कर रहे हैं, जहां कांग्रेस के शासन में पेपर लीक हुए हैं।’’
भाषा
नेत्रपाल नरेश
नरेश