बंगाल सरकार के दुर्गा पूजा कार्निवल के विरोध में भाजपा समर्थक संगठन ने कोलकाता में रैली निकाली

Ads

बंगाल सरकार के दुर्गा पूजा कार्निवल के विरोध में भाजपा समर्थक संगठन ने कोलकाता में रैली निकाली

  •  
  • Publish Date - October 5, 2025 / 09:13 PM IST,
    Updated On - October 5, 2025 / 09:13 PM IST

कोलकाता, पांच अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को यहां एक रैली का नेतृत्व किया, जिसमें राज्य सरकार के 2025 में दुर्गा पूजा कार्निवल आयोजित करने के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया गया,

गत 23 सितंबर को महानगर और उसके आसपास बारिश से संबंधित 12 मौतें हुई थीं।

भाजपा समर्थित सांस्कृतिक संगठन द्वारा आहूत इस रैली में सैकड़ों समर्थकों के अलावा अर्जुन सिंह और सजल घोष जैसे वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने भी भाग लिया।

कोलकाता पुलिस द्वारा विरोध रैली के लिए अनुमति देने से इनकार करने के बाद संगठन की याचिका पर कलकत्ता उच्च न्यायालय ने अनुमति दे दी।

कॉलेज स्क्वायर इलाके से मार्च शुरू होने के बाद अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जलभराव वाली सड़कों पर बिजली के खुले तारों के संपर्क में आने से 12 लोगों की मौत हो गई, वहीं मुख्यमंत्री दुर्गा पूजा पंडालों का उद्घाटन करने, उत्सवों में शामिल होने, मेलों की मेजबानी करने…और अब इस उत्सव में व्यस्त हैं। हम (मुख्यमंत्री) ममता बनर्जी का इस्तीफा चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी मौत डूबने से नहीं हुई। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) उन लैंप पोस्ट की देखरेख करता है, जो बिजली के झटके का कारण थे। केएमसी के महापौर फिरहाद हकीम के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई? उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया?’’

रैली शहर के एस्प्लेनेड क्षेत्र में समाप्त हुई।

बाद में, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘दार्जिलिंग की पहाड़ियों में दिन में इतने लोगों की मौत की खबर के बाद, मुख्यमंत्री को कार्निवल में शामिल नहीं होना चाहिए था। यह तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के उदासीन और असंवेदनशील रवैये को दर्शाता है।’’

अधिकारियों ने बताया कि रविवार को पश्चिम बंगाल के उत्तरी भाग में मिरिक और दार्जिलिंग पहाड़ियों में लगातार बारिश के कारण कई भूस्खलन हुए, जिनमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। भूस्खलन के कारण कई मकान बह गए, सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और कई दूरदराज के गांवों का संपर्क टूट गया।

इस बीच, भाजपा नेताओं की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए तृणमूल कांग्रेस के राज्य महासचिव कुणाल घोष ने कहा कि भाजपा ‘‘मौतों पर ओछी राजनीति’’ कर रही है और कार्निवल के दिन विरोध रैली निकालकर राज्य की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है।

दोपहर में शुरू हुए इस कार्निवल में लगभग 116 पुरस्कार विजेता दुर्गा पूजा समितियां भाग ले रही हैं। यह कार्यक्रम पहली बार राज्य सरकार द्वारा 2016 में आयोजित किया गया था।

भाषा

देवेंद्र सुरेश

सुरेश