भाजपा मतगणना के दिन व्यवधान उत्पन्न करने की साजिश रचेगी: द्रमुक
भाजपा मतगणना के दिन व्यवधान उत्पन्न करने की साजिश रचेगी: द्रमुक
चेन्नई, तीन मई (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चार मई को मतगणना केंद्रों, पार्टी कार्यालयों सहित संवेदनशील स्थानों पर ‘‘उपद्रव फैलाने की योजना बना रही है।’’
द्रमुक ने बड़े पैमाने पर कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की आशंका जताई तथा चुनाव अधिकारियों से अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की।
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन नीत पार्टी ने अपील की कि चार मई को पूरे तमिलनाडु में शांति, सार्वजनिक व्यवस्था और मतगणना प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
द्रमुक के संगठन सचिव आर.एस. भारती ने तमिलनाडु की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक को लिखे पत्र में कहा कि उनकी पार्टी को ‘‘विश्वसनीय जानकारी’’ मिली है जिससे संकेत मिलता है कि मतगणना के दिन भाजपा और अन्य राजनीतिक दल केंद्र में सत्तारूढ़ दल के इशारे पर मतगणना केंद्रों पर व्यवधान उत्पन्न करने की योजना बना रहे हैं।
द्रमुक नेता ने आरोप लगाया, ‘‘ऐसी गतिविधियां मतगणना केंद्रों के अंदर और आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ पार्टी कार्यालयों सहित अन्य संवेदनशील स्थानों तक भी फैलने की आशंका है।’’
द्रमुक नेता ने कहा, ‘‘उपरोक्त (आरोप) के आलोक में, बड़े पैमाने पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका है, जिससे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है। इन परिस्थितियों में, हम आपसे विनम्र निवेदन करते हैं कि आप तत्काल और उचित निवारक उपाय करें, जिनमें पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ आवश्यक समन्वय शामिल है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।’’
इस पत्र की प्रति पुलिस प्रमुख को भी भेजी गई है।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


