जयपुर, आठ सितंबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को दावा किया कि राज्य में नगर निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बुरी तरह हारने जा रही है।
राजस्थान में कुल 309 नगर निकाय में से 162 के चुनाव के लिए बुधवार को मतदान होगा। बाकी नगर निकायों के चुनाव के लिए दूसरे चरण में 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे।
गहलोत ने एक बयान में कहा, “गृह जिले भरतपुर समेत सभी जगहों पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के फ्लॉप रोड शो, पार्षद चुनावों में भाजपा का पार्षद न चुने जाने पर वार्ड का विकास रोकने की मंत्री और विधायकों की धमकी तथा भाजपा के बागी उम्मीदवारों से जुड़े प्रतिष्ठानों पर जीएसटी विभाग के छापे जैसे घटनाक्रम दिखा रहे हैं कि भाजपा नगर निकाय चुनावों में बुरी तरह हारने वाली है।”
उन्होंने कहा कि आज तक सत्ताधारी दल के खिलाफ ऐसा माहौल कभी नहीं देखा गया।
गहलोत ने कहा, “राज्य में भाजपा के ढाई साल के कुशासन से जनता इतनी त्रस्त हो गई है कि 9 और 11 सितंबर को होने वाले मतदान में पार्टी की हार सुनिश्चित करने के लिए बड़ी संख्या में लोग वोट डालने निकलेंगे।”
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस की जीत और भाजपा की हार से सत्ताधारी पार्टी आने वाले ढाई साल में जनता की आवाज सुनकर काम करने के लिए मजबूर होगी।
भाषा
पृथ्वी पारुल
पारुल