कोलकाता, 24 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में स्थानीय दुर्गा पूजा समिति के गठन को लेकर दो गुटों के बीच हुई झड़प में घायल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान बापी प्रमाणिक (45) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बारुईपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टांगरबेरिया में पूजा समिति के गठन को लेकर हुआ विवाद रविवार को दो गुटों के बीच झड़प में तब्दील हो गया। इसमें प्रमाणिक समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रमाणिक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
बारुईपुर पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आतिश विश्वास ने बताया कि तनाव को और बढ़ने से रोकने के लिए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।
विश्वास ने कहा, ‘‘टांगरबेरिया इलाके में पूजा समिति के गठन को लेकर दो गुटों के बीच विवाद और झड़प हुई। प्रमाणिक इस झड़प में गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।’’
हालांकि, प्रमाणिक के परिवार ने आरोप लगाया कि फोन आने के बाद उन्हें घर से बाहर बुलाया गया और बाद में धारदार हथियारों से उन पर हमला किया गया।
परिवार ने यह भी दावा किया कि प्रमाणिक कई वर्षों से सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता थे और राजनीतिक संबद्धता के कारण उन्हें करीब एक दशक तक कथित तौर पर अपने घर से दूर रहने के लिए मजबूर किया गया था।
परिवार ने आरोप लगाया कि हमले का नेतृत्व स्थानीय भाजपा के एक नेता ने किया था और तृणमूल कार्यकर्ताओं का समर्थन प्राप्त था। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने बताया कि परिवार की ओर से दर्ज लिखित शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। उसने बताया कि कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और घटना में शामिल होने के संदिग्ध अन्य लोगों की तलाश जारी है।
भाषा अमित नरेश
नरेश