तिरुवनंतपुरम, 22 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने रविवार को नेमोम विधानसभा क्षेत्र से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा दोहराई।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह इस निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार होंगे, चंद्रशेखर ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मेरी भी यही इच्छा है। राष्ट्रीय नेतृत्व को इस बारे में फैसला लेना होगा। मेरा लक्ष्य तिरुवनंतपुरम में बदलाव लाना है, जिसकी शुरुआत हमने स्थानीय निकाय चुनावों में तिरुवनंतपुरम नगर निगम जीतकर पहले ही कर दी है।’’
चंद्रशेखर ने कहा कि वह नेमोम विधानसभा क्षेत्र में बदलाव लाना चाहते हैं और जनता भी इसमें रुचि रखती है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि राष्ट्रीय पार्टी मुझे इसके लिए अनुमति देगी।’’
उन्होंने कहा कि उन्होंने दो महीने पहले ही राष्ट्रीय नेतृत्व को नेमोम से विधानसभा चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा के बारे में बता दिया था।
उन्होंने कहा, ‘‘संसदीय चुनाव लड़ने के दौरान यहां जनता से मिले प्यार को मैं कभी नहीं भूलूंगा। मैंने राष्ट्रीय पार्टी को यहां विधानसभा चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा से अवगत करा दिया है।’’
चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि राज्य में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया है और अब बदलाव होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में बदलाव आएगा और जनता ही इसे आगे बढ़ाएगी।
भाषा
देवेंद्र सुभाष
सुभाष