चंडीगढ़, 27 अप्रैल (भाषा) भाजपा के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के सचिव, अकाली दल के एक नेता और एनएसयूआई की पंजाब इकाई के उपाध्यक्ष शनिवार को लोकसभा चुनाव के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए।
आप की ओर से जारी बयान के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ओबीसी मोर्चा के सचिव कुलदीप सिंह शंटी और शिरोमणि अकाली दल के अनुसूचित जाति (एससी) प्रकोष्ठ (दोआबा) के महासचिव गुरदर्शन लाल का मान ने आम आदमी पार्टी में स्वागत किया।
इस दौरान आप के जालंधर से लोकसभा उम्मीदवार पवन कुमार टीनू और पार्टी की वरिष्ठ नेता राजविंदर कौर थियारा भी मौजूद थीं।
बयान के अनुसार, मान ने कहा कि पंजाब के हर वर्ग के लोग आप में शामिल हो रहे हैं क्योंकि वे पिछले दो वर्षों में आप सरकार के काम से प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीट जीतकर इतिहास रचेगी।
बयान में कहा गया कि इस अवसर पर नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) की पंजाब इकाई के उपाध्यक्ष राहुल शर्मा भी आप में शामिल हो गए। भाषा प्रशांत नेत्रपाल
नेत्रपाल