चंडीगढ़, दो अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने के प्रयासों के तहत रविवार को छह नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन ने बताया कि संदीप सिंह बराड़ को फरीदकोट, संजीव मन्हास को होशियारपुर ग्रामीण, नेतेन गुप्ता नन्नू को होशियारपुर शहरी, अनूप शर्मा को खन्ना, कुलदीप सिंह भंगेवाला को श्री मुक्तसर साहिब और सरजीवन जिंदल को संगरूर का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
एक बयान में ढिल्लों ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी छह जिलाध्यक्ष जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, इसके संगठनात्मक आधार का विस्तार करने और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की नीतियों एवं कल्याणकारी पहलों को समाज के हर वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
उनका कहना था कि इन नई नियुक्तियों से संगठन मजबूत होगा और पूरे पंजाब में कार्यकर्ताओं का एक सशक्त ढांचा खड़ा करने की पार्टी की प्रतिबद्धता जाहिर होती है।
नव नियुक्त जिलाध्यक्षों को अपने-अपने जिलों में संगठन को और अधिक ऊर्जावान बनाने तथा जनता से जुड़ाव बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ये नियुक्तियां भविष्य की राजनीतिक और चुनावी गतिविधियों से पहले पूरे राज्य में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने के लिए पंजाब भाजपा के जारी संगठनात्मक विस्तार के हिस्से के रूप में की गई हैं।
भाषा
सुमित दिलीप
दिलीप