बेरोजगार युवाओं के प्रति भाजपा की प्रतिक्रिया लाठियों के रूप में सामने आई है : राहुल गांधी
बेरोजगार युवाओं के प्रति भाजपा की प्रतिक्रिया लाठियों के रूप में सामने आई है : राहुल गांधी
नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को दावा किया कि बेरोजगारी भारत की सबसे बड़ी ‘बीमारी’ है और बेरोजगार युवाओं के प्रति भाजपा की प्रतिक्रिया लाठियों के रूप में सामने आयी है।
उन्होंने दावा किया कि बेरोजगारी का असर बिहार और उत्तर प्रदेश के युवाओं पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजगार के उनके अधिकार की मांग को लेकर सड़कों पर उतरने पर बेरहमी से पीटा जाता है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर हिंदी में एक पोस्ट में कहा, “पटना में कल अपने रोजगार का हक मांगते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों को बिहार पुलिस ने फिर बेरहमी से पीटा। बेरोजगार युवाओं को भाजपा का जवाब – लाठी।”
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने नौकरी की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों युवाओं की पटना में पुलिस द्वारा पिटाई के वीडियो साझा किए।
गांधी ने कहा, “भारत में आज सबसे बड़ी बीमारी बेरोजगारी है और इसकी सबसे भयंकर मार बिहार और उत्तर प्रदेश के युवाओं पर पड़ रही है। लाखों युवा डिग्री और काबिलियत हाथ में लेकर दर-दर भटक रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “मगर भाजपा की सरकार को न इनकी परवाह है, न आपकी। जब युवा सड़कों पर उतरकर अपना हक मांगते हैं, उनके हाथ में रोजगार नहीं दिया जाता, पीठ पर लाठियां बरसाई जाती हैं।”
पोस्ट में कांग्रेस नेता ने कहा, “भारत का युवा भाजपा के झूठ से तंग आ चुका है, वो अब चुप नहीं बैठेगा। और, कांग्रेस उनके साथ हर मोड़ पर खड़ी है।”
शिक्षण पद के इच्छुक बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को पटना में बीपीएससी टीआरई 4.0 परीक्षा की तिथि की अधिसूचना में देरी के विरोध में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से अपना मार्च शुरू किया और डाक बंगला चौराहा की ओर बढ़ रहे थे, तभी गांधी मैदान के पास पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
कई प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन पर अंधाधुंध लाठीचार्ज किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग की शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई) 4, जिसके तहत 46,000 से अधिक पदों को भरा जाना है, की अधिसूचना अप्रैल 2026 में जारी होने की उम्मीद थी।
भाषा
प्रशांत माधव
माधव

Facebook


