भाजपा की सिक्किम इकाई के अध्यक्ष ने शाह से मुलाकात की

भाजपा की सिक्किम इकाई के अध्यक्ष ने शाह से मुलाकात की

भाजपा की सिक्किम इकाई के अध्यक्ष ने शाह से मुलाकात की
Modified Date: July 2, 2026 / 04:19 pm IST
Published Date: July 2, 2026 4:19 pm IST

गंगटोक, दो जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सिक्किम इकाई के अध्यक्ष डी. आर. थापा ने नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और सीमा सुरक्षा, आपदा राहत एवं औद्योगिक प्रोत्साहन सहित कई मुद्दों पर बात की। पार्टी की ओर से बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई।

उन्होंने लिम्बु-तमांग विधानसभा सीट के आरक्षण और राज्य के विकास से जुड़ी चिंताओं को भी गृह मंत्री के समक्ष उठाया। भाजपा के प्रदेश महासचिव अर्जुन राय के साथ थापा ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात की।

थापा ने हाल में ऑनलाइन माध्यम से कट्टरपंथी बनने से जुड़े एक मामले में हुई गिरफ्तारी का भी उल्लेख किया। उन्होंने सामरिक दृष्टि से संवेदनशील राज्य में खुफिया समन्वय, साइबर निगरानी और उग्रवादी तथा राष्ट्र-विरोधी तत्वों पर सतर्कता को और मजबूत करने का गृह मंत्री से आग्रह किया।

हाल में यहां 19 वर्षीय एक युवक को सोशल मीडिया के माध्यम से आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट की विचारधारा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने काफी समय से लंबित लिम्बु–तमांग विधानसभा सीट आरक्षण मुद्दे के शीघ्र संवैधानिक समाधान की मांग भी की तथा 12 जनजातीय समुदायों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने का आग्रह किया।

लिम्बु–तमांग सीट आरक्षण, सिक्किम की 32 सदस्यीय विधानसभा में लिम्बु और तमांग अनुसूचित जनजाति समुदायों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रदान करने की लंबित मांग से जुड़ा मुद्दा है।

राज्यभर में लगातार हो रही बारिश से हुए व्यापक नुकसान का उल्लेख करते हुए थापा ने राहत, मरम्मत, पुनर्वास तथा बार-बार आने वाली प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे के निर्माण के संबंध में केंद्र से अधिक वित्तीय और तकनीकी सहायता देने की मांग की।

भाजपा के बयान में कहा गया, ‘‘प्रदेश अध्यक्ष ने गृह मंत्री को सिक्किम की सुरक्षा, संवैधानिक आकांक्षाओं, आपदा प्रबंधन, औद्योगिक विकास और संगठनात्मक विस्तार से जुड़े कई मुद्दों से अवगत कराया।’’

भाषा आशीष वैभव

वैभव


लेखक के बारे में