भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने संगठनात्मक नियुक्तियों पर चर्चा की
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने संगठनात्मक नियुक्तियों पर चर्चा की
नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) महाराष्ट्र में आगामी विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के वास्ते भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की रविवार को बैठक हुई। भाजपा चुनाव समिति ने संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की तथा राष्ट्रीय और राज्य दोनों स्तरों पर पार्टी की लंबित नियुक्तियों पर चर्चा की।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक की अध्यक्षता भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने की और इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी उपस्थित थे। समझा जाता है कि बैठक में भाजपा की उत्तर प्रदेश संगठनात्मक टीम के गठन पर भी चर्चा हुई, जिसका नेतृत्व प्रदेश इकाई के नवनियुक्त प्रमुख पंकज चौधरी करेंगे।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब सिर्फ एक साल बचा है ऐसे में भाजपा देश के राजनीतिक रूप से सबसे अधिक महत्वपूर्ण राज्य में एक पूर्ण संगठनात्मक टीम बनाने और अपनी चुनावी रणनीति को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश से लोकसभा में 80 सांसद चुनकर जाते हैं और राज्य में विधानसभा की 403 सीट हैं।
सूत्रों ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व ने कुछ अन्य राज्यों से संबंधित राजनीतिक घटनाक्रमों की भी समीक्षा की जहां संगठनात्मक और प्रशासनिक बदलाव अपेक्षित हैं।
इस सप्ताह असम और पश्चिम बंगाल में मंत्रिमंडल विस्तार करने के साथ ही व्यापक राजनीतिक नियुक्तियां भी होंगी।
भाजपा ने केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली राज्य इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि रविवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक प्रधानमंत्री के आवास पर हुई। आमतौर पर यह बैठक दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित पार्टी मुख्यालय में होती है।
बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के महासचिव (संगठन) बीएल संतोष और पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति के कई सदस्य भी उपस्थित थे।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति आमतौर पर लोकसभा और राज्य विधानसभा के उम्मीदवारों पर चर्चा करने के लिए बैठक करती है।
किसी भी राज्य की राज्य विधानसभा के उम्मीदवारों पर इस उच्चस्तरीय निकाय द्वारा चर्चा करना बहुत आम बात नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, रविवार की चर्चाओं में देश की समग्र राजनीतिक स्थिति प्रमुख बिंदुओं में से एक थी।
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में हुई राजनीतिक चर्चाएं नवीन द्वारा मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुलाई गई भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक से पहले आयोजित की गईं।
राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने, जनसंपर्क कार्यक्रमों और मोदी सरकार की उपलब्धियों के संदर्भ में पार्टी के राजनीतिक संदेश पर ध्यान केंद्रित किए जाने की संभावना है।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा

Facebook


