जयपुर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया

जयपुर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया

जयपुर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया
Modified Date: February 21, 2026 / 07:05 pm IST
Published Date: February 21, 2026 7:05 pm IST

जयपुर, 21 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की युवा शाखा द्वारा दिल्ली में ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में ‘कमीज उतारकर किए गए विरोध’ के खिलाफ शनिवार को यहां प्रदर्शन किया।

यह विरोध-प्रदर्शन कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय के बाहर किया गया।

भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा के नेतृत्व में कार्यकर्ता शहीद स्मारक पर इकट्ठा हुए और नारेबाजी करते हुए कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय की ओर कूच किया।

गोरा ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि कांग्रेस ने एआई समिट में ऐसा प्रदर्शन कर देश की छवि धूमिल की है क्योंकि सम्मेलन में कई देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नयी दिल्‍ली स्थित ‘भारत मंडपम’ में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान एक प्रदर्शनी हॉल में अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गोरा ने चेतावनी दी कि अगर ऐसी घटनाएं दोबारा हुईं तो भाजयुमो के कार्यकर्ता विरोध-प्रदर्शन जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘वहां बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं। प्रधानमंत्री और भाजपा का विरोध करते-करते कांग्रेस ने अब देश का ही विरोध करना शुरू कर दिया है।’’

भाजयुमो के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे और संसार चंद रोड पर कांग्रेस मुख्यालय के पास बैरिकेड लगा गए थे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने इस बैरिकेड को लांघने की कोशिश की लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।

भाषा पृथ्वी शफीक

शफीक


लेखक के बारे में