ओडिशा के गंजाम में लापता छात्र का शव बरामद

Ads

ओडिशा के गंजाम में लापता छात्र का शव बरामद

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 09:38 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 09:38 PM IST

ब्रह्मपुर (ओडिशा), 19 सितंबर (भाषा) ओडिशा अग्निशमन सेवा विभाग के कर्मियों ने शनिवार को गंजाम जिले में रुशिकुल्या नदी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान लापता हुए एक छात्र का शव बरामद किया।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सुमित कुमार मिश्रा (17) के रूप में हुई है। वह पुरुषोत्तमपुर के तारा तारिणी कॉलेज में प्लस-3 (अंतिम वर्ष) विज्ञान का छात्र था और झराकुआली गांव का निवासी था।

मिश्रा शुक्रवार शाम कुछ अन्य लोगों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रतापपुर के निकट रुशिकुल्या नदी घाट पर गया था।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विसर्जन के दौरान मिश्रा समेत कम से कम तीन छात्र नदी में डूब गये थे और स्थानीय लोगों ने दो अन्य छात्रों को बचा लिया, जबकि मिश्रा लापता हो गया था।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने हादसे वाली जगह से लगभग तीन किलोमीटर दूर अलारिगड़ा के निकट मिश्रा का शव नदी में तैरता हुआ देखा। उन्होंने बताया कि अग्निशमन सेवा के कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और नदी से शव को बाहर निकाला।

उन्होंने बताया कि शव को पुरुषोत्तमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया।

पुरुषोत्तमपुर थाने के निरीक्षक प्रभारी (आईआईसी) कुलमणि सेठी ने कहा कि पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव मिश्रा के परिजनों को सौंप दिया गया।

भाषा देवेंद्र माधव

माधव