नोएडा, 19 सितंबर (भाषा) सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने एक कार चालक को गिरफ्तार किया है। वीडियो में चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए चार लोगों को कथित तौर पर टक्कर मारता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त रवि शंकर निम ने बताया कि घटना शुक्रवार को नॉलेज पार्क थानाक्षेत्र में हुई।
निम ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘शुक्रवार को नॉलेज पार्क थानाक्षेत्र में एक कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए चार लोगों को टक्कर मार दी।’’
उन्होंने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति के पैर में मामूली चोट आई और उसे अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। डीसीपी ने कहा, ‘‘शिकायत के आधार पर नॉलेज पार्क थाने में संबंधित धाराओं के तहत एक मामला तत्काल दर्ज किया गया।’’
निम ने बताया कि पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि मनीष कासना थाना क्षेत्र के लडपुरा का रहने वाला है।
भाषा अमित
अमित