पत्तनमथिट्ठा (केरल), 31 जुलाई (भाषा) यहां कोन्नी के पास एक जंगल में शुक्रवार को आदिवासी समुदाय के एक मुखिया को मृत पाया गया। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि वह एक महीने से ज़्यादा समय से लापता थे।
मोहनदास (70), कोन्नी के पास कोक्खाथोडे के आदिवासी समुदाय के मुखिया थे और 26 जून से लापता थे।
पुलिस के अनुसार, उनका शव जंगल के भीतर एक चट्टान के पास पेड़ से लटका हुआ मिला।
सड़े-गले शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया जाएगा, जिसके बाद शव परिवार को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि पिछले एक महीने में आदिवासी समुदाय के लोगों की मदद से बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया, ये लोग अक्सर वन उपज एकत्र करने के लिए जंगल में जाते हैं। तलाशी अभियान के तहत ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया।
मोहनदास के परिवार का दावा था कि वह महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत काम से जुड़े एक विवाद के मामले का सामना कर रहे थे।
परिवार के अनुसार, उन्हें हाल ही में इस मामले से जुड़ा अदालत का नोटिस मिला था, जिसके बाद वे जंगल में चले गए और लापता हो गए। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है।
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश