कर्नाटक की पांच अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने जांच शुरू की
कर्नाटक की पांच अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने जांच शुरू की
धारवाड़/मांड्या/बेंगलुरु, 16 फरवरी (भाषा) कर्नाटक उच्च न्यायालय की धारवाड़ पीठ और मांड्या, कोडगु, मंगलुरु तथा बेंगलुरु दक्षिण की जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद सोमवार को व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर धारवाड़, मांड्या, मंगलुरु, बेंगलुरु दक्षिण और कोडगु जिलों में अदालत परिसरों से वकीलों और कर्मचारियों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने परिसर को घेर लिया और गहन जांच की।
व्यापक तलाशी अभियान के बाद संबंधित जिलों की पुलिस ने इसे ‘‘फर्जी ईमेल’’ करार दिया, क्योंकि इनमें से किसी भी अदालत में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस के अनुसार, बेंगलुरु दक्षिण में, दोपहर लगभग 12:35 बजे जिला अदालत को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया था कि अदालत परिसर में 12 आरडीएक्स बम रखे गए हैं। हालांकि, पुलिस द्वारा बम निरोधक और श्वान दस्ते के साथ गहन तलाशी अभियान चलाने के बाद यह ईमेल फर्जी निकला।
पुलिस ने बताया कि इसी तरह मंगलुरु और मदिकेरी स्थित कोडगु जिला अदालत में भी बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ था, जो फर्जी निकला।
धारवाड़ में पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्य ने मौके पर पहुंचकर उच्च न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया और एहतियात के तौर पर भवन को खाली करा लिया।
पुलिस के अनुसार, बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा और जांच में सहयोग किया।
मांड्या में भी बम धमकी वाले ईमेल के बाद अदालती कार्यवाही स्थगित कर दी गई। न्यायाधीशों, वकीलों और वादियों को परिसर से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने बताया कि संबंधित जिला पुलिस ने इस संबंध में मामले दर्ज कर लिये हैं और ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है, ताकि इसमें शामिल दोषियों को पकड़ा जा सके।
भाषा
गोला अविनाश
अविनाश

Facebook


