महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में देशभर में सर्वाधिक 47.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया: मौसम विभाग

Ads

महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में देशभर में सर्वाधिक 47.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया: मौसम विभाग

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 09:54 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 09:54 PM IST

नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) कई राज्यों में रविवार को भीषण गर्मी पड़ी जिनमें से महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी 47.2 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

हालांकि, मौसम विभाग ने 29 मई से गर्मी से धीरे-धीरे राहत मिलने का अनुमान लगाया है। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा, ‘‘अगले सात दिनों तक मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में तथा अगले 3-5 दिनों तक पूर्वी और उससे सटे प्रायद्वीपीय भारत में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है।’’

दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत से 3.4 डिग्री अधिक है।

आयानगर और रिज मौसम केंद्रों में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, इसके बाद लोधी रोड स्थित केंद्र पर 43.8 डिग्री, पालम केंद्र पर 43.7 डिग्री और सफदरजंग केंद्र पर 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

महाराष्ट्र में, विदर्भ क्षेत्र के ब्रह्मपुरी में तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है, जिससे यह देश का सबसे गर्म स्थान रहा।

राज्य के कई अन्य स्थानों पर भी पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। चंद्रपुर में पारा 45.6 डिग्री, वर्धा में 45.5 डिग्री, नागपुर में 45.4 डिग्री, अमरावती में 45.2 डिग्री और गोंदिया में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग के अनुसार, श्री गंगानगर राजस्थान का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वनस्थली राज्य का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस था, इसके बाद चूरू में 44.9 डिग्री, कोटा, फलोदी, बीकानेर में 44.8 डिग्री और जयपुर में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने लू की चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

यह भी अनुमान है कि 26 और 27 मई को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में पारा 46-47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

हालांकि, मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 28-29 मई को एक नए पश्चिमी विक्षोभ से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, जिसके चलते राज्य के कुछ हिस्सों में तेज आंधी, 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में, राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है, और न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है।

बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है।

प्रयागराज, उरई और झांसी में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, आगरा में 45.4 डिग्री सेल्सियस और हमीरपुर में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा, हालांकि अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा और पंजाब में भीषण गर्मी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, सिरसा में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह राज्य का सबसे गर्म स्थान बन गया है।

रोहतक और भिवानी में भी भीषण गर्मी पड़ रही है, जहां तापमान क्रमशः 45.3 डिग्री और 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में पारा 42 डिग्री, हिसार में 43.8 डिग्री, करनाल में 42.8 डिग्री और गुरुग्राम में 41.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

चंडीगढ़ में भी तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हालांकि, आंध्र प्रदेश में मौसम की स्थिति इसके विपरीत है। कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है, जबकि कुछ क्षेत्रों में आने वाले दिनों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने रविवार को चेतावनी जारी की कि अगले तीन दिनों तक भीषण लू चलने की आशंका है।

भाषा संतोष सुभाष

सुभाष