ब्रिक्स महिला सशक्तिकरण को गति देने में अहम भूमिका निभा सकता है: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी
ब्रिक्स महिला सशक्तिकरण को गति देने में अहम भूमिका निभा सकता है: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी
कोच्चि, आठ जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बुधवार को कहा कि ब्रिक्स के सदस्य देश महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण पर वैश्विक चर्चा को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं, विशेषतौर पर ऐसे समय में जब दुनिया के कई हिस्सों में महिलाओं को लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
अन्नपूर्णा देवी ने ब्रिक्स महिला मामलों की मंत्रियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं के तौर पर ब्रिक्स देशों की प्रगति का गहरा संबंध लैंगिक समानता के वैश्विक लक्ष्यों को हासिल करने से है। इस बैठक में 11 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा वैश्विक स्थिति में जहां कई हिस्सों में महिलाओं को अधिकारों और सशक्तिकरण को लेकर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, ब्रिक्स इस चर्चा को आगे बढ़ाने में बहुत सकारात्मक भूमिका निभा सकता है।’’
मंत्री ने रेखांकित किया कि ब्रिक्स दुनिया की करीब 49.5 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करता है, जिसमें से लगभग आधी महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण इलाकों तथा सभी उम्र की महिलाओं को सशक्त बनाने से यह समूह और अधिक आर्थिक तरक्की कर सकेगा।
भारत की महिला और बाल विकास मंत्री देवी ने कहा, ‘‘हमारी नारी शक्ति, फिर चाहे वह शहरी हो या ग्रामीण, युवा हो या बुजुर्ग अगर उन्हें सम्मानजनक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर जीवन जीने का मौका मिले, तो वे हमारी अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकती हैं।’’
महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक ने भी इस बैठक को संबोधित किया।
दो दिवसीय बैठक का समापन बृहस्पतिवार को होगा।
ब्रिक्स के गठन के समय ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका इसके सदस्य थे, लेकिन बाद में इस संगठन का विस्तार किया गया और मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब तथा संयुक्त अरब अमीरात को शामिल किया गया जबकि इंडोनेशिया 2025 में इसमें शामिल हुआ।
भारत 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी इस साल सितंबर में नयी दिल्ली में करेगा।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


