ब्रिक्स सम्मेलन: दिल्ली सरकार भारत मंडपम से हवाई अड्डे तक प्रमुख मार्ग का निरीक्षण करेगी

ब्रिक्स सम्मेलन: दिल्ली सरकार भारत मंडपम से हवाई अड्डे तक प्रमुख मार्ग का निरीक्षण करेगी

ब्रिक्स सम्मेलन: दिल्ली सरकार भारत मंडपम से हवाई अड्डे तक प्रमुख मार्ग का निरीक्षण करेगी
Modified Date: September 5, 2026 / 09:37 am IST
Published Date: September 5, 2026 9:37 am IST

नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) दिल्ली सरकार आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों के तहत भारत मंडपम से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक के मार्ग का शनिवार को निरीक्षण करेगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में होने वाले इस निरीक्षण के दौरान मार्ग पर सड़कों, गड्ढों, फुटपाथ, जल निकासी और जलभराव की स्थिति, साफ-सफाई, ब्रिक्स से संबंधित ‘ब्रांडिंग’ और आसपास के इलाकों की समग्र स्थिति का जायजा लिया जाएगा।

नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली पुलिस, दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) समेत विभिन्न एजेंसियों के अधिकारियों को इस निरीक्षण में शामिल होने को कहा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को मार्ग पर जल निकासी व्यवस्था, जलभराव की आशंका वाले स्थानों और आपात स्थिति में पानी निकालने के उपायों की समीक्षा करने को कहा गया है।

एनडीएमसी के अध्यक्ष अपने अधिकार क्षेत्र के तहत आने वाले इलाकों, विशेष रूप से उन स्थानों का निरीक्षण करेंगे जहां गणमान्य अतिथि ठहरेंगे और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, एमसीडी आयुक्त निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मार्गों पर साफ-सफाई, अतिक्रमण, सौंदर्यीकरण और आवारा पशुओं के प्रबंधन की समीक्षा करेंगे।

लोक निर्माण विभाग को अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़कों पर गड्ढों, साफ-सफाई, संकेतकों, प्रकाश व्यवस्था और जलभराव की स्थिति का जायजा लेने तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया है।

दिल्ली यातायात पुलिस यातायात प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करेगी जबकि डायल और एनएचएआई के अधिकारियों को हवाई अड्डे के आसपास तथा राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र वाले मार्गों पर सभी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।

भाषा सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में