रास में बीआरएस सांसद ने कैंसर संबंधी मुद्दों को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाए जाने की मांग की
रास में बीआरएस सांसद ने कैंसर संबंधी मुद्दों को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाए जाने की मांग की
नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) भारत राष्ट्र समिति के सांसद बी पार्थसारथी रेड्डी ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और इस बीमारी से संबंधित मुद्दों को राष्ट्रीय प्राथमिकता के रूप में लिया जाना चाहिए तथा इस सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट से निपटने के लिए तत्काल उपाय किए जाएं।
उच्च सदन में यह मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि भारत में कैंसर के मामलों की संख्या हर साल तेजी से बढ़ रही है, जिसका मुख्य कारण देर से निदान, नियमित स्क्रीनिंग की कमी और लोगों में जागरूकता का अभाव है।
रेड्डी ने कहा, “मैं सरकार का ध्यान देश में तेजी से बढ़ते कैंसर से संबंधित मामलों की ओर आकर्षित करना चाहता हूं, जो चुपचाप एक बड़े सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट के रूप में उभर रहा है।”
उन्होंने बताया कि देश में कैंसर रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और इस संकट से निपटने के लिए अधिक चिकित्सा, सर्जिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट की जरूरत है। उन्होंने कहा कि “ज्यादातर उन्नत केंद्र दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद जैसे शहरों में स्थित हैं, और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के रोगियों को इलाज के लिए लंबी यात्रा करनी पड़ती है।”
बीआरएस सांसद ने यह भी बताया कि लाखों परिवार, खास तौर पर मध्यम और औसत आय वर्ग, कैंसर के इलाज की अत्यधिक लागत के कारण वित्तीय संकट का सामना कर रहे हैं।
इस समस्या के हल के लिए उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि सभी जीवनरक्षक ऑन्कोलॉजी दवाओं की उपलब्धता और सुलभता सुनिश्चित की जाए, राष्ट्रीय स्तर पर कैंसर जांच मिशन शुरू किया जाए और गैर-लाभकारी अस्पतालों को महंगे सर्जिकल और डायग्नोस्टिक उपकरणों के लिए अनुदान देने जैसी नीति तैयार की जाए।
उन्होंने कहा, “इसलिए मैं सरकार से अनुरोध करता हूं कि इस मुद्दे को राष्ट्रीय प्राथमिकता के रूप में लें और तुरंत कार्रवाई करें। इस बीमारी को जड़ से समाप्त करें।”
भाषा मनीषा माधव
माधव

Facebook


