बीआरएस ने कविता की पार्टी टीआरएस पर साधा निशाना

Ads

बीआरएस ने कविता की पार्टी टीआरएस पर साधा निशाना

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 09:53 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 09:53 PM IST

हैदराबाद, 25 अप्रैल (भाषा) के. कविता द्वारा अपनी नयी राजनीतिक पार्टी का नाम टीआरएस रखने पर कटाक्ष करते हुए के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने शनिवार को कहा कि ‘‘मौलिक हमेशा मौलिक होता है’’।

बीआरएस ने टूथपेस्ट और पानी की बोतल के एक ब्रांड और उनके नकली उत्पादों की तस्वीरें ‘एक्स’ पर साझा कीं ताकि उनके बीच के अंतर को उजागर किया जा सके।

पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता ने शनिवार को ‘तेलंगाना राष्ट्र सेना’ (टीआरएस) नामक नए राजनीतिक दल की शुरुआत की।

अपने संबोधन में, कविता ने सत्तारूढ़ कांग्रेस, भाजपा और बीआरएस पर तीखा हमला करते हुए अपने पिता को एक ‘‘बदला हुआ व्यक्ति’’ बताया।

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) का मूल नाम तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) था। हालांकि, केसीआर की पार्टी को राष्ट्रव्यापी स्तर पर विस्तारित करने की महत्वाकांक्षी योजना के बाद 2022 में इसका नाम बदलकर बीआरएस कर दिया गया।

इसी बीच, कांग्रेस सांसद चमाला किरण कुमार रेड्डी ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को ‘‘हिटलर और निष्ठुर’’ कहने संबंधी कविता की टिप्पणी पर आपत्ति जताई।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए बड़े पैमाने पर धनराशि स्वीकृत की जा रही है। उन्होंने कहा कि रेवंत रेड्डी सरकार द्वारा राज्यभर में एकीकृत आवासीय विद्यालयों का निर्माण किया जा रहा है ताकि मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा सके।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव