दक्षिण दिल्ली में इमारत ढही : मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया

दक्षिण दिल्ली में इमारत ढही : मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया

दक्षिण दिल्ली में इमारत ढही : मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया
Modified Date: September 6, 2026 / 05:01 pm IST
Published Date: September 6, 2026 5:01 pm IST

नयी दिल्ली, छह सितंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के सत्य निकेतन इलाके में इमारत ढहने से प्रभावित पीड़ितों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया और कहा कि विभिन्न एजेंसियां ​​बचाव कार्य कर रही हैं।

दिल्ली अगनिशमन सेवा के एक अधिकारी के मुताबिक, घटनास्थल पर आठ दमकल गाड़ियां और पुलिस टीम भेजी गई हैं तथा बचाव कार्य जारी है।

गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आरके पुरम के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना से बहुत चिंतित हूं।’’

उन्होंने बताया कि दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), केंद्रीयकृत दुर्घटना एवं ट्रॉमा सेवा (कैट्स) और नागरिक सुरक्षा टीम बचाव कार्य में संलग्न हैं।

गुप्ता ने बताया कि एहतियात के तौर पर पास की इमारत को खाली करा लिया गया है। उन्होंने कहा कि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तुरंत मदद पहुंचाने की हरसंभव कोशिश की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियां ​​आपसी तालमेल के साथ काम कर रही हैं।

दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने बताया कि बचाव और राहत कार्य जारी है और टीम मौके पर जरूरी मदद पहुंचा रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और संबंधित टीम को निर्देश दिए हैं कि वे मौके पर मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाएं। नागरिकों की सुरक्षा और कुशलक्षेम हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।’’

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में