जम्मू, 20 अगस्त (भाषा) बूढा अमरनाथ यात्रा को देखते हुए जम्मू-राजौरी-पुंछ राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त कर दी गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, राजमार्ग से तीर्थयात्रियों के गुजरने के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और सेना ने सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने के साथ ही क्षेत्र में निगरानी एवं गश्त तेज कर दी है।
उन्होंने बताया कि यातायात के सुचारू संचालन और निगरानी को मजबूत करने के लिए राजमार्ग पर दर्जनों अस्थायी नाके लगाए गए हैं। इसके अलावा, सेना की टुकड़ियां भी इस महत्वपूर्ण मार्ग की सुरक्षा में तैनात हैं।
अधिकारियों ने कहा कि तीर्थयात्रियों की आवाजाही शुरू होने से पहले ‘रोड ओपनिंग पार्टियां’ (आरओपी) संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर रही हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे या संदिग्ध गतिविधि का समय रहते पता लगाया जा सके।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 17 अगस्त को हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया था। यह यात्रा 28 अगस्त तक जारी रहेगी।
भाषा तान्या मनीषा रंजन
रंजन