सलमान के साथ काम करना फिल्म स्कूल जाने जैसा था: ‘7 डॉग्स’ के निर्देशक आदिल अल अरबी और बिलाल फल्लाह

Ads

सलमान के साथ काम करना फिल्म स्कूल जाने जैसा था: '7 डॉग्स' के निर्देशक आदिल अल अरबी और बिलाल फल्लाह

  •  
  • Publish Date - August 20, 2026 / 01:37 PM IST,
    Updated On - August 20, 2026 / 01:37 PM IST

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) सलमान खान के साथ अंतरराष्ट्रीय एक्शन फिल्म ‘‘7 डॉग्स’’ पर काम करना निर्देशक आदिल एल अरबी और बिलाल फलाह के लिए किसी फिल्म स्कूल में जाने जैसा अनुभव रहा। दोनों निर्देशकों का कहना है कि भारतीय सुपरस्टार ने फिल्म को लेकर अपनी समझ का इस्तेमाल किया और पर्दे पर छोटे-छोटे पलों को भी यादगार बना दिया।

‘‘बैड बॉयज फॉर लाइफ’’ और ‘‘बैड बॉॉयज: राइड ऑर डाई’’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर मोरक्को-बेल्जियम की इस फिल्मकार जोड़ी ने सऊदी अरब की इस फिल्म के लिए दुनिया भर के सितारों को एक साथ जोड़ा है।

फिल्म में मिस्र के अभिनेता अहमद एज्ज और करीम अब्देल अजीज मुख्य भूमिकाओं में हैं, जो क्रमश: इंटरपोल अधिकारी और एक अपराधी का किरदार निभा रहे हैं तथा एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ साथ आते हैं।

फिल्म में सलमान और उनके साथी भारतीय अभिनेता संजय दत्त की भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं हैं। इनके अलावा मशहूर इतालवी अभिनेत्री मोनिका बेलूची और हॉलीवुड अभिनेता जियानकार्लो एस्पोसिटो भी फिल्म का हिस्सा हैं।

एल अरबी ने पीटीआई-भाषा को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘उनका व्यक्तित्व काफी आकर्षक है। जब विल स्मिथ सेट पर होते हैं तो भी आपको ऐसा ही महसूस होता है। ऐसा लगता है, ‘ओह, तो ऐसा दिखता है एक सुपरस्टार।’ जैसे ही आप उनकी ओर कैमरा घुमाते हैं, कुछ जादुई होने लगता है।’’

उन्होंने कहा कि सलमान अनुभवी हैं और किसी दृश्य को समझने के बाद उसमें कैसे अपना जलवा बिखरेना है यह उन्हें बखूबी आता है।

उन्होंने कहा, ‘‘वह तुरंत समझ जाते हैं कि दृश्य क्या है और वह उसे बिल्कुल सही तरीके से करेंगे। फिर वह उसमें कुछ नया जोड़ते हैं, आपको बहुत कुछ और देते हैं। और यह फिल्म स्कूल जाने जैसा है। आप वास्तव में अपनी आंखों के सामने सिनेमा को घटित होते हुए देख रहे होते हैं।’’

‘7 डॉग्स’ की कहानी मुख्य रूप से इंटरपोल अधिकारी खालिद अल-अज्जाजी (अहमद एज्ज) की है, जो 7 डॉग्स नामक आपराधिक संगठन से जुड़े एक कुख्यात व्यक्ति गाली अबू दाऊद (करीम अब्देल अजीज) को पकड़ता है।

बिलाल ने कहा कि सुपरस्टार का योगदान सिर्फ पटकथा तक सीमित नहीं था, बल्कि शूटिंग के दौरान वह अक्सर वन-लाइनर भी सुझाते थे।

उन्होंने कहा, “एडिटिंग के दौरान जब मैं ‘टेक’ देख रहा था, तो उसमें हमेशा कुछ नया होता था, जो उन्होंने जोड़ा था और शूटिंग के दौरान मुझे उसका अहसास भी नहीं हुआ। वह किसी भी दृश्य को यादगार बना देते हैं। भले ही वह सिर्फ एक छोटा-सा पल हो, वह उसमें कुछ ऐसा रच देते हैं जो शुद्ध सिनेमा होता है।”

‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.’, ‘अग्निपथ’ और ‘खलनायक’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के अभिनेता संजय के साथ उनका अनुभव भी उतना ही यादगार रहा।

दिग्गज अभिनेता फिल्म में ‘7 डॉग्स’ गिरोह के भारतीय सदस्य रंजीत की भूमिका निभा रहे हैं, जो भारत में ‘पिंक लेडी’ (मादक पदार्थ) के वितरण के लिए जिम्मेदार है।

आदिल ने कहा कि उन्होंने हाल ही में अभिनेता की नई फिल्म और दो भागों वाली जासूसी गाथा ‘धुरंधर’ देखना शुरू किया है, जो भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है।

उन्होंने कहा, “हमने ‘धुरंधर’ सीरीज देखना शुरू किया, क्योंकि हर कोई इसकी इतनी बड़ी सफलता के बारे में बात कर रहा है।”

उन्होंने कहा, “वह (संजय) बहुत अनुभवी हैं और बॉलीवुड में एक्शन फिल्में बहुत जटिल और भव्य होती हैं, हॉलीवुड से भी ज्यादा।”

भाषा

राखी मनीषा

मनीषा