पश्चिम बंगाल में बस पलटने से परिचालक की मौत, कई यात्री घायल

पश्चिम बंगाल में बस पलटने से परिचालक की मौत, कई यात्री घायल

पश्चिम बंगाल में बस पलटने से परिचालक की मौत, कई यात्री घायल
Modified Date: August 2, 2026 / 04:33 pm IST
Published Date: August 2, 2026 4:33 pm IST

कोलकाता, दो अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में रविवार को एक बस के पलट जाने से उसके परिचालक की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना रविवार सुबह मंदिरबाजार क्षेत्र के पास रामगंगा रोड पर हुई, जब एक वैन से टक्कर होने से बचने की कोशिश में बस पलट गयी। बस धोलाहाट से लक्ष्मीकांतपुर जा रही थी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क का एक हिस्सा अत्यंत जर्जर स्थिति में था। इसी दौरान दूध के एक वाहन से टक्कर होने से बचने की कोशिश में बस चालक ने बस को एक ओर मोड़ दिया, जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गई।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना में बस के परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। घायलों का नजदीकी अस्पताल में उपचार हो रहा है।

दुर्घटना के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने बस को हटाकर यातायात बहाल कराया।

स्थानीय लोगों और बस संचालकों ने जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग करते हुए आरोप लगाया कि सड़क की खराब स्थिति ही इस दुर्घटना का प्रमुख कारण बनी।

भाषा गोला दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में