तिरुवनंतपुरम, एक सितंबर (भाषा) केरलम में स्थानीय निकायों के 38 वार्डों में उपचुनाव 28 सितंबर को होंगे। इसके लिए चुनाव अधिसूचना तीन सितंबर को जारी की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उम्मीदवार तीन सितंबर से 10 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 11 सितंबर को होगी।
बयान में कहा गया है कि नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 14 सितंबर है।
बयान के अनुसार, 28 सितंबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा और 29 सितंबर को सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू होगी।
मंगलवार (एक सितंबर) से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। यह उन जिला और प्रखंड पंचायत निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों के वार्डों में लागू होगी, जहां उपचुनाव होने हैं।
बयान में कहा गया है कि ग्राम पंचायतों में आचार संहिता पूरे पंचायत क्षेत्र में लागू होगी, जबकि नगरपालिकाओं में यह संबंधित वार्डों तक सीमित रहेगी।
उपचुनाव 19 अगस्त को प्रकाशित मतदाता सूची के आधार पर कराए जाएंगे। संशोधित मतदाता सूचियां संबंधित स्थानीय निकायों, ग्राम और तालुक कार्यालयों तथा राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
बयान में कहा गया है कि चुनाव प्रक्रिया एक अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी जबकि उम्मीदवारों को 29 अक्टूबर तक अपने चुनाव खर्च का ब्योरा जमा करना होगा।
इन उपचुनावों में एर्नाकुलम और कोझिकोड के दो निगम वार्ड, त्रिशूर, पलक्कड़ और कन्नूर के तीन नगरपालिका वार्ड, तिरुवनंतपुरम, कोट्टायम और पलक्कड़ के तीन जिला पंचायत वार्ड, सात प्रखंड पंचायत वार्ड और 12 जिलों के 23 ग्राम पंचायत वार्ड शामिल होंगे।
बयान में कहा गया है कि कोल्लम और अलप्पुझा जिलों में कोई उपचुनाव नहीं होगा।
भाषा तान्या नरेश
नरेश