बिहार, मप्र और गुजरात में तीन विधानसभा सीटों के लिए 30 जुलाई को उपचुनाव

बिहार, मप्र और गुजरात में तीन विधानसभा सीटों के लिए 30 जुलाई को उपचुनाव

बिहार, मप्र और गुजरात में तीन विधानसभा सीटों के लिए 30 जुलाई को उपचुनाव
Modified Date: July 2, 2026 / 03:33 pm IST
Published Date: July 2, 2026 3:33 pm IST

नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की। इन सीटों के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा।

आयोग ने कहा कि बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंझलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन के विधायक पद से इस्तीफा देने से बांकीपुर, कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के एक मामले में दोषी ठहराये जाने के बाद अयोग्य ठहराए जाने से दतिया और भाजपा विधायक योगेशभाई पटेल के निधन के कारण मंझलपुर सीट रिक्त हुई है।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव के लिए अधिसूचना छह जुलाई को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। नामांकन पत्रों की छानबीन 14 जुलाई को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है।

मतगणना तीन अगस्त को होगी।

आयोग ने कहा कि जिन जिलों में इन विधानसभा क्षेत्रों का पूरा या कोई हिस्सा आता है, वहां आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

निर्वाचन आयोग ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) का इस्तेमाल किया जाएगा।

आयोग ने इस बात को दोहराया कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों और उन्हें टिकट देने वाले राजनीतिक दलों को उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप ऐसे मामलों का विवरण समाचार पत्रों, टेलीविजन चैनलों और अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित करना होगा।

भाषा हक हक वैभव

वैभव


लेखक के बारे में