केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए मोदी के नेतृत्व की सराहना की

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए मोदी के नेतृत्व की सराहना की

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए मोदी के नेतृत्व की सराहना की
Modified Date: September 16, 2026 / 08:45 pm IST
Published Date: September 16, 2026 8:45 pm IST

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की बुधवार को सराहना की। इस शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग सहित कई शीर्ष वैश्विक नेताओं ने हिस्सा लिया।

मंत्रिमंडल ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के नेता मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान के बीच बैठक करवाने के लिए भी मोदी की तारीफ की। यह पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच दोनों विरोधी पक्षों के बीच पहली बैठक थी।

मामले से वाकिफ सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के “सफल” आयोजन के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए एक प्रस्ताव पढ़ा, जिसे सभी कैबिनेट मंत्रियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वीकार किया।

सूत्रों के मुताबिक, राजनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रभावी नेतृत्व की वजह से ही दुनिया के बड़े नेता ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नयी दिल्ली आए।

रक्षा मंत्री ने कहा कि शिखर सम्मेलन सुचारु रूप से संपन्न हुआ और वैश्विक नेताओं ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की।

सूत्रों के अनुसार, मोदी ने उनके नेतृत्व की प्रशंसा करने के लिए अपने कैबिनेट सहयोगियों का आभार जताया।

भारत ने राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारत मंडपम में 12-13 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी की। इसमें समूह के 11 सदस्य देशों और 10 साझेदार देशों के नेताओं के अलावा कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले प्रमुख नेताओं में पुतिन और चिनफिंग के अलावा दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी, फिलिपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर और युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो शामिल थीं।

मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों या शासनाध्यक्षों के साथ 15 द्विपक्षीय बैठकें भी कीं।

भाषा पारुल सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में