सीबीआई ने धोखाधड़ी के मामले में 16 साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया

सीबीआई ने धोखाधड़ी के मामले में 16 साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया

सीबीआई ने धोखाधड़ी के मामले में 16 साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया
Modified Date: August 20, 2026 / 07:20 pm IST
Published Date: August 20, 2026 7:20 pm IST

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 16 साल से अधिक समय से फरार एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर खुद को लोकसभा के कर्मचारी के रूप में पेश करके संसद में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 50,000 रुपये ठगने का आरोप है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जितेंद्र पाठक के खिलाफ 13 जुलाई 2009 को मामला दर्ज किया गया था। उस पर आरोप है कि उसने लोकसभा कर्मचारी बनकर एक व्यक्ति को संसद में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उससे ठगी की।

सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “जांच पूरी होने के बाद जितेंद्र पाठक समेत एक अन्य आरोपी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया। दिसंबर 2009 में आरोपपत्र दाखिल होने के बाद से ही आरोपी सुनवाई के दौरान कभी अदालत में पेश नहीं हुआ।”

जांच एजेंसी ने बताया कि मुकदमे की सुनवाई के दौरान आरोपी का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन सभी कोशिशें नाकाम रहीं और उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

प्रवक्ता ने कहा, “सभी निर्धारित कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद विशेष अदालत ने 28 सितंबर, 2016 को आरोपी जितेंद्र पाठक को घोषित अपराधी करार दिया।”

प्रवक्ता के अनुसार, जांच से मिली जानकारी के आधार पर पता चला कि पाठक पंजाब के लुधियाना में रह रहा था।

उन्होंने बताया कि तकनीकी विश्लेषण की मदद से सीबीआई की टीम ने सुनियोजित अभियान चलाकर बुधवार को लुधियाना से पाठक को गिरफ्तार कर लिया।

भाषा तान्या नरेश संतोष

संतोष


लेखक के बारे में