सीबीआई ने नासिक में कर अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ा

सीबीआई ने नासिक में कर अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ा

सीबीआई ने नासिक में कर अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ा
Modified Date: October 16, 2025 / 08:43 am IST
Published Date: October 16, 2025 8:43 am IST

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नासिक आयुक्तालय में तैनात एक कर अधिकारी को एक निजी कंपनी के प्रतिनिधि से पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सीबीआई के अनुसार, सीजीएसटी (केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर) एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क अधीक्षक हरि प्रकाश शर्मा ने आईजीएसटी (एकीकृत वस्तु एवं सेवा कर) संबंधी एक मामले में व्यवसायी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई न करने के बदले में 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

बाद में उन्होंने रिश्वत की राशि घटाकर 22 लाख रुपये कर दी।

सीबीआई प्रवक्ता ने बुधवार को एक बयान में कहा, ‘‘यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने शिकायतकर्ता को 14 अक्टूबर, 2025 को पांच लाख रुपये और शेष 17 लाख रुपये 17 अक्टूबर, 2025 को देने को कहा था।’’

सीबीआई ने शर्मा को मंगलवार को नासिक स्थित उनके कार्यालय के बाहर रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘आरोपी के आवासीय और आधिकारिक परिसरों की तलाशी ली गई जिसमें 19 लाख रुपये नकद और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए।’’

भाषा सिम्मी सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में