कन्नूर में पूर्व माकपा नेता के झींगा फार्म शेड में आग लगाई गई; पुलिस ने जांच शुरू की

कन्नूर में पूर्व माकपा नेता के झींगा फार्म शेड में आग लगाई गई; पुलिस ने जांच शुरू की

कन्नूर में पूर्व माकपा नेता के झींगा फार्म शेड में आग लगाई गई; पुलिस ने जांच शुरू की
Modified Date: July 23, 2026 / 09:51 am IST
Published Date: July 23, 2026 9:51 am IST

कन्नूर (केरल), 23 जुलाई (भाषा) कन्नूर जिले के पय्यानूर में पूर्व मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता टी पुरुषोत्तमन के झींगा फार्म में स्थित एक ‘शेड’ को कथित तौर पर आग लगा दी गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

इस साल अप्रैल में विधानसभा चुनाव के बाद पुरुषोत्तमन की कार को आंशिक रूप से जलाए जाने के बाद उनकी संपत्ति पर यह दूसरा हमला है।

पुरुषोत्तमन, विधायक वी. कुन्हीकृष्णन के करीबी सहयोगी हैं। पय्यानूर में पार्टी नेताओं पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाने के बाद कुन्हीकृष्णन को माकपा से निष्कासित कर दिया गया था।

पुलिस के अनुसार, रात में शेड में आग लगा दी गई और पुरुषोत्तमन को बृहस्पतिवार सुबह इस घटना का पता चला।

पुलिस ने कहा कि आग में शेड पूरी तरह नष्ट हो गया।

झींगा पालन में इस्तेमाल होने वाले मछली पकड़ने के जाल, चारा, टोकरियां और उपकरण जलकर नष्ट हो गए जबकि शेड के दरवाजे और फर्नीचर भी जल गए।

पुरुषोत्तमन ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे माकपा के कार्यकर्ता थे और इसका संबंध विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार से है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुन्हीकृष्णन का समर्थन करने वाले लोगों को धमकियां मिल रही हैं।

पुरुषोत्तमन ने बताया कि कर्मचारी आमतौर पर शेड में ही रहते हैं और यह घटना तब हुई जब वे वहां मौजूद नहीं थे।

पुरुषोत्तमन की शिकायत मिलने के बाद पय्यानूर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कुन्हीकृष्णन ने हाल में अपने समर्थकों को मिल रही धमकियों के बारे में जिला पुलिस प्रमुख से शिकायत की थी।

इससे पहले इस साल अप्रैल में पुरुषोत्तमन के घर पर उनकी कार में आंशिक रूप से आग लगा दी गई थी जिसके बाद पुलिस ने माकपा के पांच कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था।

माकपा को पय्यानूर में विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था जबकि यह निर्वाचन क्षेत्र वामपंथी पार्टी का गढ़ माना जाता है।

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में