सीबीआई ने साइबर वित्तीय अपराध के खिलाफ 10 राज्यों में तलाशी अभियान चलाया, एक व्यक्ति गिरफ्तार
सीबीआई ने साइबर वित्तीय अपराध के खिलाफ 10 राज्यों में तलाशी अभियान चलाया, एक व्यक्ति गिरफ्तार
नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने साइबर वित्तीय अपराधों पर व्यापक बहुराष्ट्रीय कार्रवाई के तहत देश में 35 स्थानों पर एक व्यापक तलाशी अभियान चलाने के बाद एक कथित साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
‘ऑपरेशन साइस्ट्राइक’ नाम से यह कार्रवाई 30 जनवरी को अमेरिका, ब्रिटेन, कुवैत, आयरलैंड और सिंगापुर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के समन्वय से शुरू की गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत देश में कई साइबर अपराध नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की गई, जो अमेरिका, ब्रिटेन, कुवैत, आयरलैंड, सिंगापुर और भारत में पीड़ितों को निशाना बनाते थे।
सोमवार को सीबीआई प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘तलाशी अभियान के दौरान, सीबीआई ने नयी दिल्ली से आरोपियों द्वारा संचालित एक अंतरराष्ट्रीय साइबर वित्तीय अपराध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, जो ऑनलाइन माध्यम से अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाता था।’’
उन्होंने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने एक और अंतरराष्ट्रीय साइबर वित्तीय अपराध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जो नयी दिल्ली, गाजियाबाद और कर्नाटक से संचालित हो रहा था। यह नेटवर्क कुवैती ई-वीजा उपलब्ध कराने और भारतीय नागरिकों को पैसे के बदले कुवैत की प्रमुख कंपनियों में नौकरी दिलाने की आड़ में संचालित किया जा रहा था।
प्रवक्ता ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान लैपटॉप, मोबाइल फोन, कंप्यूटर हार्ड डिस्क जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए, जिनमें फर्जी कुवैती ई-वीजा और कुवैत की प्रमुख कंपनियों में काम करने के लिए नियुक्ति पत्र थे। इसके अलावा, 60 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए।
उन्होंने कहा, ‘‘तलाशी अभियान के दौरान, सीबीआई ने आरोपियों द्वारा संचालित अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध नेटवर्क का भी भंडाफोड़ किया, जो ब्रिटेन, आयरलैंड और सिंगापुर के नागरिकों को ऑनलाइन निशाना बनाकर उनसे धोखाधड़ी कर रहे थे। इसके फर्जी खातों की पहचान कर उन्हें निष्क्रिय कर दिया गया है।’’
भाषा सुभाष नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


