घर खरीदारों से धोखाधड़ी : सीबीआई ने नोएडा के बिल्डर और बैंक अधिकारियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया

Ads

घर खरीदारों से धोखाधड़ी : सीबीआई ने नोएडा के बिल्डर और बैंक अधिकारियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 05:25 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 05:25 PM IST

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने वित्तीय संस्थानों और घर खरीदारों से कथित तौर पर धोखाधड़ी करने के मामले में ग्रेटर नोएडा से संचालित एवीजे डेवलपर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, बैंक अधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सीबीआई ने यहां सीबीआई मामलों की एक विशेष अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया है, जिसमें एवीजे डेवलपर्स, उसकी अनुषंगी कंपनी केसर बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड, उनके निदेशकों, बैंक ऑफ इंडिया, यूको बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के अधिकारियों और अनाम घर खरीददरों को आरोपी बनाया है।

सीबीआई की प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि यह मामला बिल्डरों और सरकारी कर्मचारियों द्वारा ‘‘घर खरीदारों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी’’ से संबंधित है, जिससे वित्तीय संस्थानों और निर्दोष घर खरीदारों को नुकसान हुआ।

उन्होंने कहा, ‘‘सीबीआई द्वारा की गई जांच में खुलासा हुआ कि कंपनी और उसके निदेशकों ने सरकारी अधिकारियों और अन्य निजी व्यक्तियों के साथ मिलकर साजिश रची और कथित तौर पर घर खरीदारों/निवेशकों को झूठे आश्वासनों और धोखाधड़ीपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से प्रेरित किया और अवैध और भ्रामक साधनों का सहारा लेकर वित्तीय लाभ प्राप्त किया।’’

प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी बैंक अधिकारियों ने कथित तौर पर बिल्डर की अवैध कारगुजारी में सहायता करने के लिए अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग किया, जिससे कंपनी को अनुचित वित्तीय लाभ मिला और संबंधित वित्तीय संस्थानों और घर खरीदारों को नुकसान हुआ।

उन्होंने बताया कि सीबीआई की जांच में सामने आया कि कुछ निजी व्यक्तियों ने फर्जी और काल्पनिक गृह खरीदारों के रूप में काम किया और बिल्डर के साथ मिलीभगत करके गृह ऋण प्राप्त करने के लिए वित्तीय संस्थानों के समक्ष तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया।

भाषा धीरज नरेश

नरेश