सीबीआई ने घर खरीददारों से धोखाधड़ी के मामले में आरोपपत्र दाखिल किया
सीबीआई ने घर खरीददारों से धोखाधड़ी के मामले में आरोपपत्र दाखिल किया
नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नोएडा की एक आवासीय परियोजना के संबंध में घर खरीदारों व वित्तीय संस्थानों से धोखाधड़ी की साजिश रचने के लिए एक रियल एस्टेट कंपनी, उसके निदेशकों और दो निजी बैंक के अधिकारियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सीबीआई ने एक बयान में कहा कि उसने वित्तीय संस्थानों और घर खरीददारों को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाने की आपराधिक साजिश में संलिप्तता के आरोप में “लॉजिक्स सिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशकों तथा आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक के कुछ बैंक अधिकारियों’’ के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है।
इसने बताया कि आरोपी निर्माण कंपनी और उसके निदेशकों ने कथित तौर पर घर खरीददारों तथा निवेशकों को “झूठे आश्वासनों और भ्रामक दावों” के जरिए अपने जाल में फंसाया और “अवैध एवं धोखाधड़ीपूर्ण तरीकों” से वित्तीय लाभ हासिल किए।
एजेंसी ने कहा, ‘‘जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लोक सेवकों ने स्थापित नियमों और प्रक्रियाओं का उल्लंघन करते हुए अपने पद का दुरुपयोग किया और बिल्डर के लिए गैरकानूनी कृत्यों को करना आसान बनाया।’’
सीबीआई ने आरोप लगाया कि इससे बिल्डर कंपनी को ‘‘अनुचित आर्थिक लाभ’’ मिला, जबकि वित्तीय संस्थाओं और घर खरीददारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
आरोपपत्र सक्षम अदालत में भारतीय दंड संहिता की आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित धाराओं के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आपराधिक कदाचार के प्रावधानों में दाखिल किया गया है।
इसने बताया कि वह उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर देशभर के विभिन्न बिल्डर और वित्तीय संस्थाओं के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ घर खरीददारों से धोखाधड़ी और धनराशि के दुरुपयोग के आरोपों में दर्ज ऐसे 50 मामलों की जांच कर रही है।
बयान में यह भी कहा गया कि एजेंसी इससे पहले कई बिल्डर कंपनी और बैंक व वित्तीय संस्थाओं के अधिकारियों से जुड़े इसी तरह के मामलों में सात आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है।
भाषा
खारी नरेश
नरेश

Facebook


