सीबीआई ने महादेव सट्टेबाजी एप मामले में छह आरोपपत्र दाखिल किए

सीबीआई ने महादेव सट्टेबाजी एप मामले में छह आरोपपत्र दाखिल किए

सीबीआई ने महादेव सट्टेबाजी एप मामले में छह आरोपपत्र दाखिल किए
Modified Date: July 9, 2026 / 07:31 pm IST
Published Date: July 9, 2026 7:31 pm IST

नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 6,000 करोड़ रुपये के महादेव सट्टेबाजी एप और इससे जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में छह आरोपपत्र दाखिल किए हैं जिसमें कथित मास्टरमाइंड और एप के संस्थापक सौरभ चंद्राकर, सह-संस्थापक रवि उप्पल समेत कई अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार के यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, ये आरोपपत्र ऐसे समय में दाखिल किए गए हैं जब भारत ओमान से चंद्राकर के प्रत्यर्पण के प्रयास कर रहा है। चंद्राकर को पिछले महीने की शुरुआत में ओमान में हिरासत में लिया गया था।

अधिकारियों ने कहा कि बुधवार को सीबीआई ने 66 आरोपियों के खिलाफ पांच आरोपपत्र दाखिल किए जिनमें चंद्राकर, उप्पल और सेट्टेबाजी सिंडिकेट के वे सदस्य शामिल हैं, जिनके जरिए अपराध से अर्जित धन को कथित रूप से आगे पहुंचाया गया।

इन पांच अरोपपत्र में सीबीआई ने भारतीय दंड संहिता और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धाराएं लगाई हैं।

सीबीआई ने सट्टेबाजी सिंडिकेट से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में छठा आरोपपत्र दाखिल किया जिसमें असीम दास, रोहित गुलाटी, विकास छपारिया, अनिल धाममानी, विशाल आहूजा और धीरज आहूजा को आरोपी बनाया गया है। इनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के साथ-साथ भारतीय दंड संहिता के तहत धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए हैं।

सीबीआई के प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘‘ सीबीआई ने सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल समेत अन्य मुख्य आरोपियों के खिलाफ अतिरिक्त सबूत भी दाखिल किए हैं, जिनके खिलाफ पहले आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है।’’

सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा कि महादेव एप भारत में, विदेश से संचालित होने वाले सबसे बड़े अवैध सट्टेबाजी सिंडिकेट में से एक था। चंद्राकर और उप्पल ने सोशल मीडिया मंच के माध्यम से लाखों उपयोगकर्ताओं तक पहुंच बनाने वाला देशव्यापी नेटवर्क खड़ा किया।

भाषा शोभना पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में